यूपी में फतेहपुर जिले के खागा में जनसभा करने कांग्रेस की महासचिव व स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी पहुंचीं। यहां उन्होंने विपक्षियों पर जमकर सियासी तीर चलाए। भाजपा पर सियासी हमला बोलते हुए प्रियंका ने कहा कि इनकी तो नीति व नीयत दोनों ही बेकार हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि इनको ये सनक है, मेरे परिवार के बारे में ही बात करते हैं। 50 प्रतिशत इनका जो भी चुनावी भाषण होता है यही बोलते हैं कि नेहरू जी ने क्या किया, इंदिरा गांधी ने क्या किया लेकिन ये नहीं बताएंगे कि पांच सालों में इन्होंने क्या किया। जनसभा फतेहपुर के जज साहब का हाता में हुई। अपने संबोधन में प्रियंका ने कहा कि जुमला बोलने वाले अब हम पर जुमला बनाने का आरोप लगा रहे हैं। 72 हजार का निर्णय भाई राहुल ने सोच समझ कर लिया है। 72 हजार खाते में पहुंचेंगे, भाजपा की तरह केवल जुमला नहीं रहेगा। प्रियंका ने कहा कि जनता से नेता की दूरी अच्छी नहीं। कांग्रेस इसी दूरी को कम कर रही है। इस मौके पर ऊषा मौर्या जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय, प्रत्याशी राकेश सचान, मानवेन्द्र सचान, मंजू चंद्रा, अभिमन्यु सिंह, ओम प्रकाश गिहार आशुतोष पांडेय मौजूद रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






