बहराइच 23 अगस्त। किसान सम्मान योजना वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत 23 दिसम्बर 2021 को भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. चैधरी चरण सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर फसल उत्पादकता के आधार पर कृषकों को पुरस्कृत किये जाने हेतु गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी फसल कटाई प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। वर्तमान खरीफ 2021-22 में सर्वाधिक क्षेत्रफल के आधार पर फसल धान एवं मक्का में क्राप कटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी।
यह जानकारी देते हुए उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही ने बताया कि फसल कटाई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए योग्यता रखने वाले किसानों को निर्धारित प्रारूप पर पंजीकरण कराना होगा। कृषि विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन एवं आत्मा योजना के तहत प्रदर्शनों के लाभार्थी भी प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। प्रत्येक विकास खण्ड से कम से कम 20 कृषकों (धान में 15 एवं मक्का में कम से कम 05) कृषकों को फसल कटाई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना आवश्यक होगा।
डी.डी. एग्री श्री शाही ने बताया कि खरीफ 2021 में आयोजित हो रही फसल कटाई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अन्तिम तिथि 15 सितम्बर 2021 निर्धारित है। निर्धारित तिथि के उपरान्त प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार नहीं किया जायेगा। फसल कटाई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले किसानों से रू. 10=00 पंजीकरण शुल्क के रूप में प्राप्त किये जायेंगे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सम्बन्धित उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारियों की अध्यक्षता में ब्लाकवार समितियों का गठन कर दिया गया है।
उप निदेशक कृषि ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत प्रत्येक पंजीकृत कृषक के यहाॅ 05 गुणा 05 मीटर क्षेत्रफल में क्राप कटिंग करायी जायेगी, जिसके फोटोग्राफ्स भी लिये जायेंगे। क्राप कटिंग के उपरान्त संलग्न प्रारूप पर उपज परिणाम क्राप कटिंग की तिथि को ही व्हाट्सएप के माध्यम से फोटोग्राफ्स सहित प्रेषित कर दिये जायेंगे। फसल कटाई प्रतियोगिता के दौरान कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा जारी सुरक्षात्मक गाइड लाइन का पालन किया जायेगा।
श्री शाही ने बताया कि प्रत्येक प्रभारी, प्रा.सहा. ग्रुप-सी तथा बी.टी.एम./ए.टी.एम. को निर्देशित किया गया है कि 05-05 कृषकों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि फसल कटाई प्रतियोगिता के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए कृषक उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी, प्रभारी, प्रा.सहा. ग्रुप-सी तथा बी.टी.एम./ए.टी.एम. से सम्पर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






