पूर्व प्रधानमंत्री इंद्रा गांधी पर अपमान जनक टिप्पणी पर आक्रोश
कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, हवन यज्ञ कर जताया विरोध
कोटा। विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री इंद्रा गांधी पर अपमान जनक टिप्पणी का विरोध जताने वाले कांग्रेस विधायकों के निलम्बन पर कोटा में कांग्रेस नेताओं ने विरोध जताया। कहीं प्रदर्शन किए गए तो कहीं हवन यज्ञ कर आक्रोश व्यक्त किया।
कोटा दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस, पार्षद, मण्डल कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस व यूथ कांग्रेस की ओर से संतोषी नगर चौराहे पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। वहीं इंद्रा गांधी के खिलाफ टिप्पणी करने वाले मंत्री से अपने बयान पर माफी मांगने और कांग्रेस विधायकों के निलंबन निरस्त करने की मांग की गई। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पार्षद शालिनी गौतम ने कहा कि इंदिरा गांधी आयरन लेडी के रूप में जानी जाती हैं और पवित्र सदन में भाजपा मंत्री उन पर व्यंग्यात्मक भाषा में टिप्पणी कर रहे हैं। यह दिखाता है कि राजस्थान विधानसभा में भी लोकसभा व राज्यसभा जैसा तरीका अपनाया जा रहा है। जैसे वहां अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए सांसदों को सस्पेंड किया जाता है, वैसे ही यहां किया जा रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष जोगेन्द्र बीरवाल जोंटी ने कहा कि विधानसभा में मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय और संसदीय गरिमा को तार-तार करने वाली है। भाजपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि संसदीय आचरण और मर्यादा जनादेश का पालन करने में है, अहंकार और किसी के अपमान में नहीं। ब्लॉक अध्यक्ष जयेश श्रृंगी ने भी विचार व्यक्त किए। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता प्रमोद त्रिपाठी, श्याम गौतम, हेमराज गौतम, सुभाष सैनिक, अरुण गौतम, खेमराज सिंह टीटू, मोहन सैनी, कपिल शर्मा, अनुराग गौतम, सोनू अब्बासी, बबलू कसाना, नवीन यादव, गफ्फार हुसैन, प्रफुल्ल पाठक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
अर्धनग्न होकर किया हवन यज्ञ
इधर पूर्व सहवरित पार्षद संजय यादव की अगुवाई में घटोत्कच सर्किल पर हवन यज्ञ किया गया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने घटोत्कच सर्किल का चक्कर लगाते भाजपा सरकार व मंत्री अविनाश गहलोत के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। हवन यज्ञ में आहुतियां देते हुए कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं व मंत्रियों को ईश्वर से सद्बुद्धि देने की कामना की। देहात काँग्रेस सचिव चेतन सोंलकी, धनजी यादव, कमलेश सिह, रंजीत गुर्जर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इधर शहर जिला कांग्रेस की ओर से भी प्रदर्शन कर विरोध जताया गया। शहर अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा में इंदिरा गांधी पर टिप्पणी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित 6 विधायकों को विधानसभा से निलंबित करना निंदनीय है। कांग्रेस विधायकों का निलम्बन निरस्त किया जाना चाहिए। नगर निगम कोटा उत्तर के उप महापौर सोनू कुरैशी ने कहा कि यदि सरकार का यही तानाशाही रवैया रहा तो इसके खिलाफ कड़ा रूख अपनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने इंदिरा गांधी पर दिए गए बयान को लेकर माफी नहीं मांगी और छह विधायकों का निलंबन वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






