मथुरा। चुनावी सभा के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया अजित सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा प्रधानमंत्री चाहिए, जो हमारे मन की बात को सुने। चौकीदार तो हम नेपाल से मंगवा लेंगे। अजित सिंह शनिवार को नंदगांव में रालोद प्रत्याशी नरेंद्र सिंह के समर्थन में जनसभा संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी दिन में तीन बार सूट बदलते हैं और खुद को फकीर कहते हैं। मोदी जनता को केवल सपना दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर न तो आलू खरीदा गया और न बाजरा, सिर्फ समर्थन मूल्य की घोषणा ही की गई। उन्होंने कहा कि 56 इंच का सीना वाले मोदी का दिल एक इंच का भी नहीं है। किसान, बेरोजगारों और मजदूरों के लिए मोदी के दिल मे कोई जगह नहीं। रालोद मुखिया ने कहा कि हमें ऐसा प्रधानमंत्री चाहिए, जो हमारे मन की बात को सुने। चौकीदार तो हम नेपाल से मंगा लेंगे। मोदी देश के सभी प्रधानमंत्रियों को बेकार बताते हैं। अगर मोदी श्रीलंका चले गए तो कहेंगे कि रावण को मैंने ही मारा था। अजित सिंह ने कहा कि कहा कि भाजपा की लुटिया अब डूब चुकी है। गोशालाओं में सरकारी अफसर चारा खा रहे हैं। गाय भूखी मर रही हैं। गाय की हाय भाजपा को जरूर लगेगी। इस दौरान अजित सिंह ने योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






