प्रभावी आपात प्रबंधन के लिए केंद्र-राज्य सहयोग के महत्व को रेखांकित किया
“केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से बाढ़ प्रबंधन मॉडल सर्वोत्तम परिणाम प्रदान कर सकता है”
राज्य में बाढ़ प्रबंधन के लिए केंद्र की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से असम में मॉनसून से पहले बाढ़ के कारण उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय और राज्य स्वास्थ्य एजेंसियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में असम में प्रभावी बाढ़ प्रबंधन के लिए केंद्रीय एजेंसियों और राज्य सरकार की एजेंसियों द्वारा की गई व्यवस्था का आकलन किया गया।
डॉ. मांडविया ने बाढ़ और किसी भी अन्य आपात स्थिति के प्रभावी प्रबंधन के लिए केंद्र और राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों के बीच ठोस समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण देखभाल उपकरण, ऑक्सीजन, अस्पताल में बिस्तरों की तैयारी के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने वेक्टर जनित और जल जनित रोगों के बारे में समुदायों के बीच निवारक स्वास्थ्य देखभाल और अधिक जागरूकता पर भी बल दिया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मांडविया ने अधिकारियों से असम में बार-बार आने वाली बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बाढ़ प्रबंधन मॉडल पर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के कुशल प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए बिस्तरों, ऑक्सीजन और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता जैसी सभी महत्वपूर्ण सूचनाओं को सूचीबद्ध करते हुए एक ऑनलाइन डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






