लोकतंत्र बचाओ आंदोलन: संचालन समिति की बैठक सम्पन्न
कोटा। कोटा-बूंदी अंचल के जनतंत्र प्रेमी नागरिकों, श्रमिकों, किसानों, महिलाओं तथा सांस्कृतिक-सामाजिक जन संगठनों द्वारा गठित लोकतंत्र बचाओ आंदोलन की संचालन समिति की बैठक अजय चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों एवं किसानों, मजदूरों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं द्वारा उनके वाजिब अधिकारों के लिए चलाए गए आंदोलनों को नृशंसता पूर्वक कुचलने के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। लोकतंत्र बचाओ आंदोलन के संयोजक यशवंत सिंह बताया कि जनता ने जिनके हाथों में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है, वहीं संविधान और लोकतंत्र की हत्या करने में लगे हुए हैं। गत दस वर्षों से देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बनी हुई है। जनता की गाढ़ी कमाई से सार्वजनिक क्षेत्र में खड़ी की गई जन संपत्तियों को निजी हाथों में सौंप दिया गया है।
नुक्कड़ सभाओं के जरिए करेंगे जागरूक
संयोजक यशवंत सिंह ने बताया कि जन जागरूकता अभियान के तहत 14 अप्रैल से 24 अप्रैल तक कोटा शहर, तालेड़ा, बूंदी, दीगोद, सुल्तानपुर, इटावा, पीपल्दा, सांगोद और रामगंजमंडी क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएंगी। जिनमें भाजपा को हराने का आह्वान किया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में शिक्षक नेता ईश्वर सिंह, जन विज्ञान आंदोलन के विजय राघव, अखिल भारतीय किसान सभा के दुलीचंद बोरदा, नंदलाल धाकड़, साहित्यकार महेन्द्र नेह, नागेंद्र कुमावत, स्वतंत्र पत्रकार रूपेश चड्ढा आदि सदस्य उपस्थित हुए।
आज करेंगे प्रेस वार्ता
लोकतंत्र बचाओ आंदोलन समिति की ओर से शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे भारत होटल गमानपुरा कोटा में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। जिसमें बताया जाएगा कि बीजेपी ने सत्ता में बने रहने के लिए किस प्रकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर उन्हें खत्म करने का प्रयास किया है। जनता की गाढ़ी कमाई से सार्वजनिक क्षेत्र में खड़े किए गए अनेक उद्योगों एवं संपत्तियों को अपने दरबारी पूंजीपति मित्रों के हाथों में सौंप दिया है। देश की जनता भयंकर बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी से त्रस्त है। इस संदर्भ में 14 अप्रैल से 24 अप्रैल तक कोटा शहर, तालेड़ा, बूंदी, दीगोद, सुल्तानपुर, इटावा, पीपल्दा, सांगोद, और रामगंजमंडी क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएंगी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






