जीनगर समाज ने निकाली ऐतिहासिक ईसर-गणगौर की शोभायात्रा
कोटा जीनगर समाज पंचायत सोसायटी कोटा की ओर से सुभाष नगर स्थित समाज के भूखंड से गणगौर माता की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
गणगौर का यह पर्व जीनगर समाज सौ वर्षों से भी अधिक समय से मनाता चला आ रहा है। जीनगर समाज की महिलाओं द्वारा गणगौर के एक दिन पूर्व गणगौर माता का रात्रि जागरण किया जाता है। जिसमें समाज की महिलाएं गणगौर माता के गीत गाती हैं। जिसमें जीनगर समाज की सभी महिलाएं भाग लेती हैं। अगले दिन जीनगर समाज के सभी महिला-पुरुष एक जगह एकत्रित होकर जीनगर समाज की गणगौर की भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर गणगौर का पर्व मनाते हैं। जिसमें समाज के सभी सदस्य महिला पुरुष बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। महिलाएं गणगौर माता की पूजा करती हैं। घूमर नृत्य कर गीत गाती हैं। उसके बाद जीनगर समाज के पदाधिकारी और वरिष्ठजन परंपरा अनुसार ईसर गणगौर को लेकर चलने की बोली लगाते हैं। समाज का मानना है कि ईसर गणगौर को सर पर लेकर चलना शुभ होता है। मुख्य अतिथियों ने जीनगर समाज की गणगौर शोभायात्रा की काफी सराहना की। झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया, जिसका जगह-जगह पर फूल बरसाकर स्वागत किया।
जीनगर समाज के अध्यक्ष भंवरलाल खींची ने बताया कि पूर्व में कई वर्षो तक जीनगर समाज की गणगौर भव्य शोभायात्रा का आयोजन घंटाघर अनाज के कटले में बड़ी ही धूमधाम किया जाता था। नयापुरा बाग से गणगौर की शोभायात्रा विभिन्न मार्गो से निकाली जाकर घंटाघर अनाज कटले में समापन किया जाता था। वर्तमान में जीनगर समाज के भूखंड सुभाष नगर से यह शोभायात्रा निकाली जाती है। जिसमें महिलाएं सज-धज कर सोलह श्रृंगार कर ईसर गणगौर माता की सवारी अपने सर पर लेकर चलती हैं। जीनगर समाज का गणगौर का यह ऐतिहासिक पर्व होता है। जिसमें जीनगर समाज के सभी महिलाएं, पुरुष, बच्चे भाग लेते हैं। महासचिव थानमल डाबी ने बताया कि गणगौर का पर्व जीनगर समाज का ऐतिहासिक पर्व है यह पर्व गोरा पार्वती के सम्मान में मनाया जाता है। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए गणगौर माता की पूजा करती हैं।
शत प्रतिशत मतदान का लिया संकल्प
महासचिव थानमल डाबी ने बताया कि जीनगर समाज द्वारा गणगौर के भव्य ऐतिहासिक पर्व पर जीनगर समाज के भूखंड पर सभी महिलाओं पुरुषों एवं जो अठारह वर्ष एवं ऊपर की आयु के व्यक्ति हैं, उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






