सोनभद्र। शनिवार तड़के एक कॉलेज के प्रिंसिपल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाश गोली मारने के बाद फरार हो गए। बदमाशों ने इस घटना को तब अंजाम दिया जब प्रिंसिपल सुबह टहलने निकले थे। जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने प्रिंसिपल को पांच गोली मारी है। एक सिर में पीछे से सटाकर, दूसरी और बाकी की गोली पैर और पीठ में लगी है। सुरेश यादव (62) सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव में एक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल थे। सुरेश मूल रुप से वाराणसी के सारनाथ के रहने वाले थे। रोज सुबह चार बजे सुरेश अपने साथियों के साथ टहलने जाते थे। शनिवार को गाय को चारा पानी देने के कराण उन्हें घर से निकलने में देरी हुई। इसलिए सुरेश शनिवार को अकेले ही टहलने चले गए। इसी दौरान सुबह 5:34 बजे बाइक सवार कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद सुरेश को ताबड़तोड़ पांच गोलियां मार दी। इसके बाद बदमाश घटनास्थल पर ही तमंचा और कारतूस छोड़कर भाग गए। पुलिस के मुताबिक थोड़ी दूर पर झाड़ू लगा रही एक महिला ने गोली की आवाज सुनी। वह भागते हुए घटनास्थल की तरफ गई। इसी दौरान उसने एक बाइक पर तीन युवकों को रॉबर्ट्सगंज की तरफ भागते हुए देखा। पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा और खोखा बरामद किया है। एसपी सलामत ताज पाटिल सहित अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुरेश यादव शिक्षक एमएलसी चेतनारायण सिंह के सोनभद्र जिले के प्रतिनिधि थे और सितंबर 2018 में उन्हें राज्य शिक्षक पुरस्कार मिला था। एसपी का कहना है हत्या की वजह तलाशी जा रही है। किसी से रंजिश, जमीनी विवाद सहित अन्य बिदुओं पर जांच पड़ताल कर रहे हैं। उनके परिजनों की मानें तो सुरेश यादव की विद्यालय की भूमि को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






