गतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। सपा की स्टार प्रचारकों की सूची में मुलायम सिंह यादव का नाम न होने पर शिवपाल ने कहा कि सपा में हमेशा नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की उपेक्षा की गई है। शिवपाल यादव रविवार को फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में आयोजित बूथ सम्मेलन में पहुंचे। सम्मेलन के बाद शिवपाल मीडिया से मुखातिब हुए। सपा संरक्षक को स्टार प्रचारक न बनाए जाने पर शिवपाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी में नेताजी की उपेक्षा हो रही है। सपा में उनका अपमान भी हुआ है। उन्होंने कहा कि नेताजी का आदेश लेकर ही उन्होंने अपनी पार्टी बनाई है। वो हमेशा उनके साथ हैं। शिवपाल ने कहा कि नेताजी मैनपुरी से चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें प्रसपा उनका पूरा सहयोग करेगी। बता दें कि शिवपाल मैनपुरी सीट से प्रसपा का प्रत्याशी नहीं उतारने का एलान पहले ही कर चुके हैं। गौरतलब है कि प्रसपा अध्यक्ष फिरोजाबाद सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने सपा नेता रामगोपाल यादव के पुत्र मौजूद सांसद अक्षय यादव होंगे। इस सीट पर कांग्रेस अपना प्रत्याशी खड़ा करने से इंकार कर चुकी हैं, वहीं भाजपा ने अभी तक प्रत्याशी उतारा नहीं है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






