मजदूरों, किसानों ने ध्वजारोहण कर हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
कोटा/इटावा। इटावा के गैंता रोड वार्ड नं 6 स्थित मजदूर-किसान भवन पर गुरुवार को ध्वजारोहण कर हर्षोल्लास से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
सीटू महामन्त्री मुरारीलाल बैरवा ने बताया कि 78 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह पर मुख्य अतिथि शिक्षक संघ शेखावत के नेता बाबूलाल बलवानी ने राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में उपस्थित मजदूरों व किसानों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने आजादी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही संविधान की रक्षा के लिए निरन्तर संघर्ष करने की शपथ दिलाई। किसान सभा सचिव कमल बागड़ी ने दूसरी हरित क्रांति के लिए पेड़ लगाने का संदेश दिया।
माकपा नेता कामरेड मुकुट बिहारी जंगम ने 1947 में आजादी के दीवाने क्रांतिकारियों की कुर्बानियों का जिक्र किया। उन्होंने किसानों-मजदूरों और आमजन की आजादी का मतलब समझाते हुए वर्तमान सरकार की देश के संविधान व आमजन विरोधी नीतियों के खिलाफ आजादी को बचाने के लिए मजदूरों व किसानों को संघर्ष के लिए एकजुट होने पर जोर दिया।
कविता के जरिए समझाई मेहनत की कीमत
मजदूर नेता कामरेड प्रेम पेन्टर ने मजदूरों, किसानों और आमजन के सामने क्रांतिकारी कविता पेश की।
कहा कि मजदूर की मेहनत की कीमत मजदूर का पसीना सूखने से पहले मिलना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को मिठाई वितरित की गई।
नागरिक ही असली भारत
कार्यक्रम के समापन पर यूनियन अध्यक्ष कामरेड देवीशंकर महावर, महामन्त्री मुरारीलाल बैरवा ने इटावा उपखण्ड क्षेत्र के मजदूरों, किसानों व आम नागरिकों के साथ देश व प्रदेश के नागरिकों को आजादी के 78 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कहा कि हम सब नागरिक ही असली भारत है। हमारी जिम्मेदारी है कि जब सत्ता बेलगाम हो जाए और देश की आमजन विरोधी नीतियां लागू करने लगे तो सड़कें जाम कर सत्ता से आमजन के हित में नीतियां लागू करवाई जाएं। धर्म से बड़ा देश व देश का संविधान है। देश संविधान के कानूनों से चलता है। धर्म केवल एक आस्था है।
इन्होंने भी किया संबोधित
आयोजित समारोह में यूनियन अध्यक्ष देवीशंकर महावर, कामरेड गोपाललाल महावर, कामरेड रामकुंवार महावर, किसान नेता दुलीचंद आर्य, चेतन प्रकाश मीणा आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






