रिपोर्ट : रियाज अहमद
रूपईडीहा बहराइच। भारत नेपाल सीमावर्ती कस्बा रूपईडीहा व आसपास मादक पदार्थ तस्करों का अड्डा बन गया है। आए दिन इस सीमा पर मादक पदार्थ तस्कर पकड़े जा रहे हैं। जिससे ये प्रतीत होता है कि, इस सीमा से बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है। जबकि सीमा पर लगे सुरक्षा कर्मी भी मुस्तैदी से इनको पकड़ने के लिए प्रयासरत रहते है। इसी क्रम में रूपईडीहा पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने गंगापुर मोड़ के पास से 34 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा शमशेर बहादुर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त गस्ती के दौरान भारत के गंगापुर गावँ के मोड़ के समीप अभियुक्त आलोक कुमार सिंह उम्र करीब 29 वर्ष पुत्र राज कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह निवासी ग्राम नरैनापुर दा0 सुमेरपुर थाना रुपईडीहा को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से तलाशी के दौरान 34 ग्राम नाजायज स्मैक बरामद हुआ। बरामद स्मैक की कीमत लगभग 17 लाख रुपए आंकी गई है। जिसके सम्बन्ध में थाना स्थानीय पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। आवश्यक कार्यवाही करने के उपरांत अभियुक्त आलोक सिंह उपरोक्त को माननीय न्यायालय सदर बहराइच रवाना किया गया। सूत्र बताते हैं कि, पकड़ा गया युवक होमगार्ड कंपनी कमांडेड ब्लाक नवाबगंज राजकुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह का बेटा है, जो बार्डर से कुछ ही दूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोरहिया गांव में रासायनिक उर्वरक की दुकान संचालित करता था, काफी दिनों से वह इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था, अक्सर उसकी दुकान पर नेपाली नम्बर प्लेट की गाड़ियां खड़ी दिखाई देती थीं। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में रूपईडीहा पुलिस के उ0नि0 जितेश सिंह व उ0नि0 विजय कुमार मय हमराह पुलिस बल व एसएसबी बल शामिल रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






