ग्रेटर नोएडा के थाना रबूपुरा क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। 12 घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसा डबल डेकर बस और ट्रक के बीच टक्कर की वजह से हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। बस आगरा से नोएडा आ रही थी। इसी बीच बस ने एक ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बस औरैया डिपो से आ रही थी।
आठ मृतकों में से अबतक 6 की पहचान हो चुकी है। उनके नाम हैं: 1-सुमन, 2-विश्वनाथ तिवारी(75), 3-विनीता(25), 4-अरुण (25), 5-कशिश, 6- बस चालक महेश (32), 7- खलासी बंदू (25)। 16 घायलों के नाम भी सामने आए हैं: 1-मंगल, 2-हनुमंत, 3-दिलीप, 4-रंजीत, 5- (जयकुमार की हालत गंभीर ), 6-जैपाल, 7-दिपू, 8-लाल सिंह, 9-कललू, 10- बीरु, 11-निहाल, 12-सुषमा, 13-भगवान सिंह, 14- शोरन, 15- करन, 16- विकास। बस ड्राइवर की पहचान महेश पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव चंदेलपुरा तहसील बरई जिला धौलपुर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल दुर्घटनास्थल पर पहुंच गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'आज ग्रेटर नोएडा में बस दुर्घटना में आठ लोगों के निधन से मुझे बहुत दुःख पहुंचा है, ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को संबल देने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल यात्रियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना करता हूं। ' जेवर के पुलिस क्षेत्राधिकारी शरत चंद्र शर्मा ने कहा, ‘‘हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। पीड़ितों को जेवर में निकटवर्ती कैलाश अस्पताल ले जाया गया है। तेज गति से आ रही बस एक ट्रक से टकरा गई जो पहले से वहीं मौजूद था। ’’ शर्मा ने कहा, ‘‘घटना के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि बस चालक नींद में था। ट्रक धीमी गति से चल रहा था, तेज गति से चल रही बस उससे आगे नहीं निकल पाई और टक्कर हो गई। ’’
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






