भोपाल। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को भाजपा ज्वाइन कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह भोपाल सीट से कांग्रेस के दिग्विजय सिंह के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान पर उतर सकती हैं। साध्वी को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। पार्टी में शामिल होने के बाद साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि मैं आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गई हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लडूंगी और जीतूंगी भी। उन्होंने कहा कि कोई चुनौती नहीं है मेरे लिए, मैं धर्म पर चलने वाली हूं। साध्वी प्रज्ञा, मध्य प्रदेश के एक मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। परिवारिक पृष्ठभूमि के चलते वे संघ व विहिप से जुड़ी और फिर बाद में संन्यास ले लिया। 2008 में हुए मालेगांव बम विस्फोट में उन्हें शक के आधार पर गिरफ्तार किया गया गया। हाल ही में वे दोषमुक्त हुई हैं। इसमें छह लोगों की मौत हुई थी और 100 घायल हुए थे। बता दें कि भोपाल लोकसभा सीट पर करीब तीन दशक से भाजपा का कब्जा है। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आलोक सांजर ने 7.14 लाख वोट अपने नाम किए थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पी.सी. शर्मा को महज 3.43 लाख वोट ही मिले थे। इस बार कांग्रेस ने इस सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतरा है। भोपाल लोकसभा सीट पर 12 मई को चुनाव होना है। इसके लिए 16 अप्रैल से नामांकन शुरू हो गया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






