लोकतंत्र बचाओ आंदोलन समिति का जन जागरण अभियान जारी
कोटा। लोकतंत्र बचाओ आंदोलन समिति कोटा ने बुधवार को तालेड़ा व बूंदी में लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ, देश बचाओ अभियान चलाया।
समिति के मीडिया प्रभारी विजय राघव एवं रूपेश चड्ढा ने बताया कि अभियान के तहत तालेड़ा के मुख्य बाजार और बूंदी के बस स्टेंड से प्रारंभ कर इंदिरा मार्केट, खेमसिंह चौराहा एवं नगर पालिका चौराहा तक बैनर और तख्तियों के डिस्प्ले के साथ नारे लगाते हुए जागरूकता यात्रा निकाली गई। जनसम्पर्क कर लोगों के बीच पर्चे वितरित किए गए। पर्चों के माध्यम से लोकतंत्र पर मंडरा रहे अधिनायकवादी खतरे, देश में भयंकर रूप से बढ़ रही बेरोजगारी, गरीबी, महंगाई, जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन और भाजपा की मोदी सरकार के अब तक के कार्यकाल में किसान, मजदूर, दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासियों, महिलाओं और छात्र व युवा वर्ग के संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत अपनी मांगों को लेकर चलाए गए आंदोलनों को बेरहमी से कुचले जाने और इलेक्टोरल बोन्ड घोटालों को उजागर किया। बताया कि केंद्र सरकार ने निजीकरण की नीतियों से जनता की गाढ़ी कमाई से खड़े किए सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों एवं संपत्तियों को अपने चंद कॉरपोरेट्स मित्रों के हाथों में सौंप दिया है। भाजपा सरकार की अधिकांश घोषणाएं जुमला ही साबित हुई हैं। टीम के सदस्यों ने लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग कर वर्तमान लोकसभा चुनावों में आम जनता की समस्याओं के लिए जिम्मेदार भाजपा को हराने की अपील की।
जागरूकता अभियान में ये रहे शामिल
जागरूकता अभियान में लोकतंत्र बचाओ आंदोलन समिति के अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ता विजय गौड़, बीड़ी मजदूर यूनियन की नेता रजिया खान, साहित्यकार महेंद्र नेह, शिक्षक नेता ईश्वर सिंह, दशरथ सिंह, श्रमिक नेता गुलजार खान, महेंद्र पांडेय, शब्बीर अहमद, सामाजिक कार्यकर्ता रिजवान खान, मीर सिंह मान, देवराज सिंह, नारायण शर्मा, किसान नेता नंदलाल धाकड़ तथा बाबूलाल बैरवा आदि कार्यकर्ता शामिल थे।
इटावा-सुल्तानपुर में अभियान आज
समिति के मीडिया प्रभारी विजय राघव एवं रूपेश चड्ढा ने बताया कि शुक्रवार को समिति सुल्तानपुर एवं इटावा, पीपल्दा क्षेत्र में जन जागरूकता अभियान चलाएगी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






