बहराइच जिले : में सोमवार की रात कौव्वा कोड़री गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर -ट्राली में पीछे से टकरा गया। जिससे घायल होकर वह रोड पर गिर गया। पीछे से आ रही कार ने उसे रौंद डाला। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शव की पहचान हो गई है। हादसे की वजह घना कोहरा बताया जा रहा है।
रामगांव थाना क्षेत्र में बहराइच- रुपईडीहा हाईवे पर सोमवार की रात लगभग 12 बजे सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर -ट्राली के पीछे तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार युवक घायल होकर रोड पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने घायल युवक को रौंद दिया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उधर से निकल रहे अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। गंभीरवा पुलिस चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, और शव की पहचान कराने की कोशिश की गई। बाइक के कागजात से उसकी पहचान रामगांव थाने के बेगमपुर के मजरे शांति नगर निवासी 30 वर्षीय पिंकू वर्मा पुत्र भगवान उर्फ प्रेम वर्मा के रूप में हुई। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर- ट्राली, कार व बाइक को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थानाध्यक्ष रामगांव मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






