बहराइच 17 सितम्बर। मॉ दुर्गा पूजा, प्रतिमा विसर्जन व विजयदशमी (दशहरा) इत्यादि आसन्न त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को देर शाम आयोजित जिला शान्ति समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सभी को आसन्न त्यौहारों की बधाई देते हुए कहा कि संभ्रान्तजन की ओर से पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई इत्यादि के सम्बन्ध में जो सुझाव प्राप्त हुए है उनके सम्बन्ध में जिला प्रशासन पहले से ही गम्भीर है। इस सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। डीएम ने कहा कि किसी को भी नई परम्परा की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सभी से सौहार्द पूर्ण वातावरण में परम्परागत ढंग से त्यौहार मनाये जाने की अपील की।
डीएम ने कहा कि जिले के अम्नो-अमान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से संजीदा है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। डीएम ने कहा कि उन्हें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से आगामी त्यौहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे। दुर्गा पूजा आयोजकों, राम लीला समितियों के पदाधिकारियों व संभ्रान्त नागरिकों से डीएम ने अपील की कि त्यौहारों के दौरान ऐसा आचरण रखें जिससे किसी दूसरे व्यक्ति को कोई आपत्ति न हो। जुलूसों के दौरान डीजे व ध्वनिविस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरे संयम के साथ किया जाय तथा यह भी सुनिश्चित किया जाय कि ध्वनिविस्तारक यंत्र का स्वर मा. उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार हो।
डीएम ने बताया कि जनपद में नामित किये गये सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए यदि कहीं पर कोई समस्या संज्ञान में आती है तो उसका तत्काल निस्तारण कराया जाय। डीएम ने बताया कि आसन्न त्यौहारों के मद्देनज़र स्थापित होने वाले कन्ट्रोल रूम में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार विभागों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगायी जायेगी ताकि प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी ढंग से समाधान कराया जा सके।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा व ग्रामीण के दुर्गा प्रसाद तिवारी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान गुड पुलिसिंग व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी और कानून व्यवस्था के विघ्न डालने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। दुर्गा पूजा आयोजकों व राम लीला समितियों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि पूर्व की भांति वालेटियर्स नामित कर दें क्योंकि शान्ति व्यवस्था बनाये रखने में स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जा सके। त्यौहारों के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक द्वय ने सभी से सहयोग प्रदान करने तथा पारम्परिक मार्गाे पर ही जुलूस का संचालन किये जाने की अपील की है।
इससे पूर्व बैठक के दौरान हरीश चन्द्र गुप्ता, विनय कुमार शर्मा, परशुराम कुशवाहा, श्रीमती निशा शर्मा, तेजे खॉ, कन्हैया लाल सोनी, दीपक सोनी दाऊ जी, राहुल राय, सुदामा मिश्रा, कुलभूषण अरोड़ा सहित अन्य सभ्रान्तजनों द्वारा साफ-सफाई, बिजली पानी, सड़कों एवं मार्गों की मरम्मत इत्यादि के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, सहित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी व अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारी व पीस कमेटी के सदस्यगण मौजूद रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









