बहराइच जिले : में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने दो छात्राओं को रौंद दिया। दुर्घटना होते ही चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। घायल छात्राओं को शहर स्थित मेडिकल कॉलेज लाया गया। चिकित्सकों ने एक छात्रा को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी छात्रा को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
हुजूरपुर थाने के यादवपुर मटेहिया वभनिया निवासिनी 16 वर्षीय सुषमा सिंह पुत्री इंदल सिंह कक्षा 12 की छात्रा थी। वह अपने ही गांव की 12 वर्षीय डाली पुत्री धर्मेन्द्र के साथ रविवार को अपरान्ह लगभग 2 बजे गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद लौट रही थी। चांटी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने दोनों छात्राओं को ठोकर मार दी। इस हादसे में दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दुर्घटना होते ही चालक ट्रैक्टर सहित भाग गया। आसपास के लोगों ने घायलों के परिजनों व एम्बुलेंस को जानकारी दी। घायलों को एम्बुलेंस से शहर स्थित मेडिकल कॉलेज लाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सुषमा को मृत घोषित कर दिया। घायल डाली को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है।
एसएचओ सत्येन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि थाने में ऐसी कोई सूचना नहीं आई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






