बहराइच : प्रतिबंध के बावजूद कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर कड़ाके की ठंड के बीच हक की आवाज बुलंद कर रहे लेखपालों पर कर्मचारी नियमावली के उल्लंघन के आरोप में संघ जिलाध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारियों को बुधवार सस्पेंड कर दिया गया। धरने पर बैठे अन्य लेखपालों को नोटिस देकर काम पर लौटने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन के कदम के बावजूद लेखपाल पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। संघ का कहना है कि हक लेकर ही मानेंगे। जिले के लेखपाल वेतन विसंगति समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर 10 दिसंबर से कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे हैं। राजस्व कार्य, प्रमाणपत्रों के सत्यापन व सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं के प्रभावित होने को लेकर एस्मा लगा दिया गया था। प्रशासन ने नोटिस जारी कर काम पर लौटने की चेतावनी दी थी। प्रतिबंध के बावजूद धरना जारी रखने पर एसडीएम सदर ने लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष जयराज सिंह, जिला मंत्री त्रियुगी नारायण शुक्ला, तहसील सदर अध्यक्ष महेंद्र कुमार, मंत्री अवधेश कुमार व खंड मंत्री आशुतोष कुमार को साथी लेखपालों को भड़काने व आदेशों की अनदेखी समेत कई आरोपों के लिए निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम सदर रामचंद्र यादव ने बताया कि पांच पदाधिकारियों को निलंबित व 300 लेखपालों को नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी वे धरने पर रहे तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के फैसले के बाद लेखपालों में आक्रोश बढ़ गया है। जिलामंत्री ने कहा कि प्रशासन कोई भी हथकंडा अपनाए लेखपाल कदम पीछे नहीं हटाएंगे। इस बार आश्वासन नहीं हक लेकर ही काम पर लेखपाल लौटेंगे। बराती लाल वर्मा, नवल किशोर, सगीर अहमद, संजीव त्रिपाठी, रोहित शुक्ल, पवन चौहान, विमल तिवारी, राजन पांडेय, पुष्पेंद्र शुक्ल, अनुज श्रीवास्तव, मनीष वर्मा, बशीरुद्दीन व अन्य मौजूद रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






