बहराइच। ककरहा रेंज अंतर्गत गिरगिट्टी ठेकेदारपुरवा गांव में बुधवार को तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुआ ने खेत में सिंचाई कर रहे किसान पर हमलाकर दिया। इसके बाद तेंदुआ ५० फीट ऊपर सेमल के पेड़ पर चढ़ गया। वन तथा पुलिस कर्मी पहुंचे हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए पेड़ के चारो तरफ जाल लगाया गया है। ग्रामीणों की काफी भीड़ एकत्रित है। आसपास गांव के लोग भी पहुंच रहे हैं। कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के ककरहा रेंत अंतर्गत गिरगिट्टी गांव निवासी अमिरका (३०) बुधवार सुबह छह बजे खेत में पंपिंग सेट से सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। अमिरका ने तेंदुए से अपने को बचाते हुए शोर मचाया। इस पर तेंदुआ गांव के एक सेमल के पेड़ पर चढ़ गया। ५० फीट ऊंचाई परजाकर तेंदुआ बैठ गया। गांव के काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन तथा पुलिस विभाग को सूचा दी गई। वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद इरफान, डिप्टी रेंजर आरबी राव, वन रक्षक सुनील जायसवाल, थानाध्यक्ष हेमंत कुमार गौड़, चौकी इंचार्ज अरविंद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी ने ग्रामीणों को अलग किया। वन विभाग ने तेंदुए को पेड़ से सकुशल पकड़ने के लिए जाल लगाया है। तेंदुए को नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। लेकिन वह पेड़ पर ही बैठा है। गांव के सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं। डीएफओ जीपी सिंह ने बताया कि तेंदुआ पेड़ पर चढ़ा है। उसे नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीण सहयोग करें।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






