बहराइच 19 मार्च। नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र, बहराइच के तत्वावधान में विकास खण्ड मिहींपुरवा के ग्राम अड़गोड़वा चिकनिया में कृषि कल्याण अभियान अन्तर्गत किसान गोष्ठी/कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या के कुलपति प्रो. जीत सिंह संधू, विशिष्ट अतिथि प्रसार निदेशक प्रो. ए.पी. राव, थे।
कार्यक्रम में लगभग 300 पुरूष व महिला किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कुलपति श्री संधू ने कृषि विज्ञान एवं फसल अनुसंधान केन्द्रो का भ्रमण के साथ-साथ दोनो केन्द्रो के वैज्ञानिको/कर्मचारियों के साथ बैठक कर केन्द्रों में और सुझाव लाये जाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए व्यवसायिक खेती के साथ-साथ जैविक खेती करने का भी सुझाव दिया। साथ ही उन्होने न्यूनतम कृषि रसायनों व कीटनाशकों के प्रयोग के साथ विषमुक्त खेती करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों एवं अतिथियों ने भी उन्नतिशील कृषि से सम्बन्धित महत्वपूर्ण सुझाव दिया। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी मिहींपुरवा बाबूराम ने मौजूद लोगों को लोकसभा सामान्य निवार्चन 2019 के मतदान दिवस 6 मई को स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। गोष्ठी की अध्यक्षता गुरूनानक सिंह संघ उ.प्र. के अध्यक्ष जसवीर सिंह विर्क ने आये हुए अतिथियों का स्वागत कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा एस.के. वर्मा ने किया। गोष्ठी का आयोजन महामना मालवीय मिशन बहराइच के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट व सरदार गुरनाम सिंह के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजीव श्रीवास्तव ने किया। जबकि उद्यान वैज्ञानिक डा. वी.पी. सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






