पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) की एक फ्लाइट में पायलट और केबिन स्टाफ मेंबर के बीच हाथापाई हो गई, जिसकी वजह से हवाई यात्रा में 3 घंटे की देरी हो गई. यह फ्लाइट लंदन जा रही थी.पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, लाहौर से लंदन जाने वाली उड़ान सेवा पीके-757 शनिवार को रात नौ बजे उड़ान भरने के लिए तैयार थी. इसी दौरान अचानक पायलट अनवर चौधरी ने क्रू के एक सदस्य अवैस कुरैशी से विमान से चले जाने को कहा. पायलट उसे खूंखार तस्कर कह रहा था.अनवर ने दावा किया कि कुरैशी उड़ान के दौरान तस्करी की घटनाओं में शामिल रहा है, जिससे एयरलाइन का नाम खराब हो रहा है. इससे दोनों के बीच हाथापाई हो गई और इसमें अन्य क्रू सदस्य ने भी पायलट का साथ दिया
इस झगड़े का नतीजा हुआ कि उड़ान में तीन घंटे की देरी हुई. इससे गुस्साए यात्रियों ने पीआईए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी. इस पूरे हंगामे के बाद आधी रात को विमान उड़ान भर पाया.पीआईए प्रवक्ता ने रविवार को घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की पड़ताल के लिए जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विमान में देरी का कारण मैनचेस्टर से आ रहा एक और विमान था, जिसने देरी से उड़ान भरी थी.
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









