मेरठ। सोमवार सुबह एक युवक ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर दो सगी बहनों को गोली मार दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार गंगानगर के सी ब्लॉक में कांस्टेबल राजे सिंह और वकील मनोज शर्मा दोनों पड़ोसी हैं। दर्शिता के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी, 18 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। इससे नाराज पड़ोसी युवक दीपक पिस्टल लेकर सोमवार सुबह उसके घर पर पहुंच गया। घर में दर्शिता बहन गुनिता के साथ बैठी हुई थी। इसी दौरान दीपक ने दर्शिता को सिर से सटा कर गोली मार दी। इसके बाद आरारोपी ने दर्शिता पर खुखरी से वार कर दिए। बहन द्वारा विरोध करने पर दीपक ने दर्शिता की बहन गुनिता को भी गोली मार दी, जो उसके पैर में जा लगी। आनन-फानन में दोनों बहनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दर्शिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुनिता का इलाज चल रहा है। सूचना पर कई पुलिस अधिकारी सुशीला जसवंत राय अस्पताल पहुंचे। वहीं पीड़ित परिवार के लोगों का अस्पताल में तांता लगा हुआ है। आरोपी दीपक गुर्जर वारदात को अंजाम देने के बाद अपने घर पर जाकर बैठ गया। जहां से पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि यह मामला एकतरफा प्यार का है। आरोपी दीपक पहले भी युवती से छेड़खानी और अभद्रता कर चुका है। उस वक्त पुलिस ने समझौता करा दिया था। आज आरारोपी ने इस वारदात का अंजाम दे डाला। पुलिस को मौके से 32 बोर की पिस्टल, एक खुखरी, दो कारतूस व चार खाली कारतूस बरामद हुए हैं। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






