बहराइच, 22 फरवरी 2025 – जनपद बहराइच के उभरते हुए युवा साहित्यकार कामरान को “विचारक्रांति विभूति सम्मान – 2025” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें विचारक्रांति साहित्य सेवा संस्थान, सिंगरौली (मध्यप्रदेश) द्वारा आयोजित “विचारक्रांति प्रश्नोतरी लेखन प्रतियोगिता” में शानदार सहभागिता और उत्कृष्ट सृजन के लिए प्रदान किया गया।
इस प्रतिष्ठित सम्मान की घोषणा विचारक्रांति पर्व (सप्तम दिवस) के अवसर पर की गई। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जायसवाल ‘विचारक्रांति’ ने इस उपलब्धि पर कामरान को बधाई देते हुए उनके उज्जवल साहित्यिक भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कामरान बहराइच के एक प्रतिभाशाली साहित्यकार हैं, जिन्होंने हिंदी साहित्य में अपने लेखन से विशेष पहचान बनाई है। वे अब तक कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। उनकी कविताएँ और लघुकथाएँ समाज को जागरूक करने और प्रेरित करने का कार्य करती हैं।
विचारक्रांति साहित्य सेवा संस्थान, सिंगरौली (मध्यप्रदेश) एक प्रतिष्ठित संस्था है, जो साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे रचनाकारों को प्रोत्साहित करने का कार्य करती है। इस वर्ष आयोजित “विचारक्रांति प्रश्नोतरी लेखन प्रतियोगिता” में देशभर से कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें कामरान का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा।
इस सम्मान के मिलने के बाद साहित्य जगत के विभिन्न लेखकों और साहित्य प्रेमियों ने कामरान को शुभकामनाएँ दीं। बहराइच के साहित्यिक और शैक्षिक क्षेत्र में भी उनकी इस उपलब्धि की प्रशंसा की जा रही है। कामरान की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत साहित्यिक योगदान को दर्शाती है, बल्कि यह भी सिद्ध करती है कि हिंदी साहित्य में नई प्रतिभाएँ निरंतर आगे बढ़ रही हैं और अपनी कलम के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






