सीटू के प्रतिनिधिमंडल ने पीपल्दा विधायक को सौंपा ज्ञापन
144 वें दिन भी जारी रहा जेके फैक्ट्री के मजदूरों का धरना
कोटा/ इटावा। निर्माण मजदूर यूनियन (सीटू) और संघर्ष समिति, इटावा के प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं को लेकर शुक्रवार को पीपल्दा विधायक चेतन पटेल कोलाना को ज्ञापन सौंपा।
सीटू मीडिया प्रभारी मुरारीलाल बैरवा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को जेके फैक्ट्री के 4200 मजदूरों के बकाया वेतन का भुगतान करवाने, बंद पड़ी जेके फैक्ट्री को पुनः शुरू करवाकर मजदूरों को रोजगार दिलवाने, पीपल्दा विधानसभा में क्षेत्र में नदियों की सफाई और बाढ़ की रोकथाम के उपाय करवाने, इटावा कृषि उपज मंडी में कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी द्वारा धोखाधड़ी से पड़ पी 102 किसानों की राशि का भुगतान करवाने, किसानों के खेतों के रास्तों पर दबंगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाने आदि मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक चेतन पटेल ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इन मुद्दों को सरकार के समक्ष रखेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
प्रतिनिधिमंडल में यूनियन अध्यक्ष देवीशंकर महावर, उपाध्यक्ष गोपाललाल, महामंत्री मुरारीलाल, नौजवान सभा संयोजक रमेशचंद, रविप्रकाश, संघर्ष समिति संयोजक गजानंद गौड़, सचिव भोजराज नागर, और माकपा तहसील सचिव कामरेड मुकुटबिहारी जंगम शामिल थे।
144 वें दिन भी जारी रहा जेके मजदूरों का धरना
सीटू मीडिया प्रभारी मुरारीलाल बैरवा ने बताया कि
जेके फैक्ट्री के मजदूरों के 28 साल से बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर 18 फरवरी से जिला कलेक्ट्रेट कोटा के सामने सीटू के बैनर तले तीनों मजदूर यूनियनों के नेतृत्व में आयोजित धरना शुक्रवार को 144 वें दिन भी जारी रहा। धरने का नेतृत्व मजदूर नेता कामरेड हबीब खान, उमाशंकर, और नरेंद्र सिंह कर रहे हैं। पांच माह से चल रहे इस आंदोलन के बावजूद कोटा के जनप्रतिनिधियों ने मजदूरों के मुद्दे को विधानसभा में नहीं उठाया। हालांकि विपक्षी विधायक हरिमोहन शर्मा (बूंदी) ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करवाने का मुद्दा उठाया था। जिसके दबाव में सरकार ने जेके फैक्ट्री की जमीन को अपने कब्जे में लेकर कोटा विकास प्राधिकरण को सौंप दिया। यह मजदूरों के संघर्ष की जीत है। मजदूर नेताओं ने कहा कि कोटा में लगातार बारिश के बीच भी जेके फैक्ट्री के मजदूर और क्रांतिकारी महिलाएं अपने हक के लिए डटकर संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होता, धरना जारी रहेगा।
144 वें दिन धरने को इन्होंने किया संबोधित
144 वें दिन धरने को धरने को मजदूर नेता नरेंद्र सिंह, बच्चन ओसवाल, सतीश त्रिवेदी, लटूरलाल, केदार जोशी, अली मोहम्मद, और हनुमान सिंह ने संबोधित किया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









