बहराइच। लॉकडाउन के दौरान जिले में दो मस्जिदों से इंडोनेशिया व थाईलैंड से आये 17 जमातियों को गिरफ्तार किया गया था। इन सभी को लगभग तीन महीने बाद रिहा कर दिया गया है। इनके खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूरे देश में 25 मार्च को लॉकडाउन लगाया गया था। इस दौरान बाहर से आए 21 तब्लीगी जमाती शहर के मोहल्ला बशीरगंज के कुरैशी और सत्तीकुआं के ताज मस्जिद में ठहरे हुए थे। इंडोनेशिया व थाईलैंड से आए जमातियों के मस्जिद में रुके होने की सूचना पुलिस को मिली थी। कोतवाली नगर पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था।
इसमें चार भारतीय जमातियों को तत्काल जमानत मिल गई थी। वहीं 17 विदेशी जमाती जेल में बंद थे। तीन माह बाद इनकी जमानत मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने मंजूर कर दी। जमातियों की जमानत मंजूर होने के बाद इन्हें बुधवार की देर शाम रिहा कर दिया गया। जेल अधीक्षक एएन त्रिपाठी ने बताया न्यायालय ने जमानत प्रदान की है। हमारे पास रिहाई आदेश आ गए हैं। जिसके बाद सभी को रिहा किया जा रहा है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






