बहराइच। उर्रा रेंज में एक ग्रामीण पर जंगल से निकले तेंदुए ने हमला कर दिया। पास में मौजूद अन्य लोगों के हांका लगाने पर तेंदुआ ग्रामीण को छोड़कर जंगल की ओर चला गया। सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज का बेझा देवनपुरवा गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी मुश्तार अली (34) पुत्र सत्तार खरीददारी के लिए पुरैना अमृतपुर गांव गया था। यहां खरीददारी करने के बाद वह मंगलवार शाम को सात बजे के आसपास अपने घर जा रहा था।
रास्ते में खरबुझहा पुल के पास जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग हांका लगाते हुए दौड़े। इस पर तेंदुआ ग्रामीण को छोड़कर जंगल की ओर चला गया।
सूचना पाकर पहुंचे ग्राम प्रधान तीरथराम व रोजगार सेवक ने वनकर्मियों को हमले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर में भर्ती कराया है। डीएफओ जीपी सिंह ने बताया कि ग्रामीण पर तेंदुए ने हमला किया है। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
प्रार्थना पत्र मिलने पर घायल को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। डीएफओ ने बताया कि बदलते मौसम और लॉकडाउन में जंगल के अंदर मानव प्रवेश बंद होने के कारण वन्यजीव खुलापन महसूस कर रहे हैं। ऐसे में वह भटकते हुए आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जा रहे हैं। इसको देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






