शाहजहांपुर I सुमन और संदीप पति पत्नी थे। पति और पत्नी के बीच विवाद भी आम हैं। जरा जरा सी बात पर होने वाले विवाद कभी कभी कितने बड़े हो जाते हैं। यह विवाद कौन कौन से बहाने लेकर पूरी जिंदगी का दर्द बन जाते हैं, यह सुमन और संदीप के बीच हुए विवाद से जान सकते हैं। पति की पिटाई से क्षुब्ध मिर्जापुर के चिकटिया गांव की सुमन ने अपनी मां को फोन किया था। सुमन ने फोन पर अपनी मां को पूरी बात बताई। कहा कि अब मैं पति के संग रहना नहीं चाहती हूं।
बेटी की दर्द भरी आवाज को सुन जयमाला से रहा नहीं गया, और बहन के बेटे के साथ बाइक से बेटी की ससुराल पहुंची। बेटी व उसके दोनों बच्चों को बैठाकर घर के लिए चल दीं। अंधेरा होने पर रिश्तेदारी में रूकी और दिन निकलते ही फिर घर के लिए चल दीं। रास्ते में काल बनकर आई ट्रैक्टर-ट्राली ने जयमाला की ही जिंदगी को नहीं, बल्कि उसकी बेटी सुमन, नाती अंकित व बहन के बेटे अशोक की जिंदगी को भी लील लिया। चार लाशों को देख हर किसी की आंख भर आई। परिवार वाले रोते-रोते बेहोश हो गए।
अशोक की पत्नी को नहीं दी गई जानकारी
जलालाबाद में हुए हादसे में कटरा के सिऊरा गांव के अशोक की मौत हो गई। पुलिस ने पास में मिले मोबाइल से अशोक के परिवार वालों को सूचना दी। पहले किसी को यकीन नहीं हुआ। इसके बाद सभी दौड़ पड़े। शव को देख बिलख पड़े। परिजनों ने बताया कि अशोक की पत्नी नीतू को हादसे की जानकारी दी गई है। उसके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। मां राजमाला गुमसुम हो गई है। बताया जा रहा है कि शाम को जब अशोक की लाश पहुंची, तो उसकी पत्नी बेहाल हो गई।
जयमाला ने छह बच्चों में दो की शादी की
जयमाला ने छह बच्चों में सुमन व एक बेटे की शादी की थी। अभी चार लोगों की शादी होना है। बताया जा रहा है कि उनके पति की मौत हो चुकी है। बाकी बच्चों की शादी कैसे होगी। रिश्तेदार इसको लेकर चिंतित दिखाई दिए। परिजनों ने बताया कि जयमाला परिवार की मुखिया थीं। वे ही सभी जिम्मेदारियां देख रही थीं।
एक घंटे तक नहीं पहुंची एम्बुलेंस
हादसे की सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां से पुलिस टीम ने घायलों की हालत देख 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस एक घंटे तक नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस ने अपनी गाड़ी से सभी घायलों को को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने परिवार वालों को सूचना भिजवाई।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






