बहराइच : गांव के बीच बुधवार की रात एक ग्राम विकास अधिकारी घायलावस्था में सड़क के किनारे पड़ा था। आसपास के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर मुख्य विकास अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों को सौंप दिया है।
जौनपुर जिले के थाना सरायखाजा के गडैला निवासी 38 वर्षीय धर्मदेव सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह पयागपुर में ग्राम विकास अधिकारी थे। बुधवार की रात पयागपुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ सोहनी गांव के बीच धर्मदेव सड़क के किनारे घायलावस्था में पड़े थे। बगल में उनकी बाइक भी पड़ी थी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रात में ही इसकी सूचना परिवारीजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन वहां से रवाना हो गए। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों को सौंप दिया है।
सीएमएस डॉ.डीके सिंह ने बताया कि गंभीरावस्था में घायल ग्राम विकास अधिकारी को अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक इलाज के बाद लखनऊ रेफर किया गया था। ले जाने की तैयारी हो ही रही थी, इसी बीच मौत हो गई। सूचना पाकर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद चौहान ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली है। कर्मचारियों ने की शोक सभा
बहराइच। ग्राम विकास अधिकारी धर्मदेव सिंह की मौत से कर्मचारियों में शोक छा गया है। गुरुवार को ब्लॉक पयागपुर में शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। सभी ने कहा कि स्व.धर्मदेव सरल एवं सज्जन व्यक्ति थे। वे अपनी अलग छवि रखते थे। इस अवसर पर बीडीओ रंजन लाल गुप्ता, ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा, इंद्रजीत सिंह, अनुपम पांडेय, वेद प्रकाश तिवारी, सुरेश यादव, यशवंत सिंह, सुनील कुमार, आशुतोष मिश्रा, महेश मिश्रा, प्रधान सिंह, दिनेश चंद्र मिश्र, जगदंबा प्रसाद मिश्र, प्रमोद कुमार, दिलीप कुमार, संदीप श्रीवास्तव, जितेंद्र शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।
दो बाइकों में भिड़ंत, बुजुर्ग घायल
फखरपुर। फखरपुर भिलोराबासू मार्ग पर दो बाइक आपस में टकरा गईं। जिसमें बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सिसवारा गांव निवासी 65 वर्षीय राधेश्याम गुरुवार की शाम हुजुरपुर थाना क्षेत्र के पल्टनपुरवा निवासी रामलखन के साथ बाइक से फखरपुर आ रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने इंदूर गांव के पास ठोकर मार दिया। जिसमें राधेश्याम का पैर टूट गया। ठोकर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायल को फखरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने हालत गंभीर देख कर बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एसएचओ बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






