बहराइच जिले : कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत नौबना ग्राम पंचायत के खैरी जंगल में शनिवार को युवती का शव मिला। पुलिस ने युवती के शव को शवगृह में रखवा दिया, लेकिन अभी तक घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। सोमवार को एसओजी प्रभारी जेएन शुक्ला की अगुवाई में मुर्तिहा पुलिस ने पुन: घटनास्थल का निरीक्षण किया। खैरी जंगल में झाड़ियों में छानबीन की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र के खैरी जंगल में युवती का शव मिलने के मामले में सोमवार को एसओजी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान से घटना के बारे में जानकारी ली। उधर, पुलिस टीम लखीमपुर के खम्हरिया में युवती की शिनाख्त के लिए गई। कोतवाल ने उर्रा बाजार में आर्यावर्त बैंक पर युवती के बारे में लोगों को संबोधित कर जानकारी ली।
एसओजी टीम ने ग्राम प्रधान नौबना मिश्रीलाल मौर्य से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद गांव के लोगों से भी पूछताछ की। उधर, प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने उर्रा में स्थित आर्यावर्त बैंक के सामने लोगों को संबोधित कर युवती के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बस स्टॉप पर लोगों को संबोधित किया। कोतवाल ने बताया कि पुलिस की एक टीम को लखीमपुर के खम्हरिया चौकी क्षेत्र में भेजा गया। वहां के ग्रामीणों से कुछ जानकारी ली जा रही है। ऐसे में जानकारी मिलने पर केस को हल करने में मदद मिल सकती है।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
एएसपी ग्रामीण रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि खैरी जंगल में युवती का शव मिलने के मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुष्कर्म की पुष्टि होने पर धारा को बढ़ाया जाएगा।
सोशल मीडिया पर ग्रामीण भी कर रहे सहयोग
पुलिस टीम के साथ जिले के सम्मानित लोगों के साथ ग्रामीण भी सोशल मीडिया पर मृत युवती का फोटो डालकर उसके बारे में जानकारी के लिए कह रहे हैं, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी युवती के बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी है।
फिंगर प्रिंट के साथ डीएनए का सैंपल लिया
पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच के साथ सर्विलांस की टीम को लगाया गया है। मृत युवती के फिंगर प्रिंट और डीएनए सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही एनसीआरबी से आसपास के जिलों से गायब युवतियों का डाटाबेस लिया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






