नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इदरीश खां ने बुधवार को 7.46 लाख रुपये के 2000 कंबल घटिया होने पर फर्म को वापस कर दिया है। गरीबों को बांटने के लिए नगर पालिका उतरौला की तरफ से 2000 कंबल कानपुर की यूपिका फर्म से मंगाया गया था। एसडीएम उतरौला अरुण कुमार गौड़ ने फर्म के प्रबंधक को दूरभाष से नमूने के अनुसार कंबल देने का निर्देश दिया है। समय से नमूने के अनुसार कंबल न उपलब्ध कराने पर एसडीए ने टेंडर निरस्त करने की चेतावनी दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर क्षेत्र में गरीबों को कंबल बांटने के लिए जेएम पोर्टल पर निविदा निकाली गई थी। कानपुर की यूपिका फर्म ने सबसे कम रेट पर 373 रुपये प्रति कंबल की दर से आपूर्ति करने का कोटेशन दिया था। नगर पालिका की तरफ से फर्म को 2000 कंबल आपूर्ति करने के लिए कहा गया।
फर्म ने बीते रविवार को जो कंबल भेजा था उसकी गुणवत्ता बोर्ड ने पास किया था। बोर्ड के प्रस्ताव पर ही कंबल मंगाया गया। बुधवार को जिन कंबलों की खेप भेजी गई उन कंबलों की गुणवत्ता काफी खराब पाई गई। खराब क्वालिटी के कंबलों का वितरण कराने से नगर पालिका की शाख को बट्टा लग सकता था।
नमूने से भिन्न होने के नाते सभासदों ने भी नाराजगी जताई। सभी के सुझाव पर मामले की शिकायत एसडीएम से की गई। एसडीएम ने दूरभाष पर आपूर्तिकर्ता फर्म के प्रबंधक को निर्देश दिया था कि नमूने के अनुसार कंबल शीघ्र उपलब्ध कराएं अन्यथा निविदा निरस्त कर दी जाएगी। ईओ अवधेश वर्मा ने बताया कि फर्म को कंबल वापस भेज दिए गए है। दो दिन के भीतर फर्म ने कंबल भेजने की बात कही है।
नगर पालिका परिषद उतरौला के सभासदों ने फर्म की तरफ से नमूनों के अनुसार कंबल न भेजे जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। सभासदों ने एसडीएम से शिकायत कर फर्म के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। सभासदों का कहना है कि कंबल आने में लेट होने के चलते गरीबों व बेसहारों को कड़ाके की ठंड में झेलना पड़ सकता है। यदि समय से कंबल आपूर्ति कर दी जाती है तो गरीबों को शीघ्र बांट दिया जाता जिससे कड़ाके की ठंड में उन्हें परेशानी न उठानी पड़ती।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुुमार शुक्ल ने बताया कि नगर निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों और बेसहारों को अच्छे क्वालिटी के कंबलों का वितरण कराने का निर्देश फर्मो को दिया गया है। खराब क्वालिटी के कंबल की आपूर्ति किए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






