बहराइच। तिरंगा यात्रा की प्रशासन से अनुमति न मिलने से गुस्साये अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नानपारा व पयागपुर में जिला प्रशासन का पुतला फूंका कर और नारेबाजी करके प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को एबीवीपी कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। इसी दौरान छावनी में तब्दील किसान पीजी कॉलेज गेट पर यात्रा को रोकते हुए प्रशासन ने आगेे निकलने की अनुमति नहीं दी थी। इससे नाराज एबीवीपी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नानपारा में तहसील संयोजक अमन व नगर मंत्री नरेंद्र सिंह और पयागपुर में जिला सह संयोजक आदर्श शुक्ला के नेतृत्व में जिला प्रशासन का पुतला फूंका और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिला संयोजक विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि विश्व भर में स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई जा रही है, मगर बहराइच में जिला प्रशासन ने यात्रा को रोक कर युवाओं के दिल को ठेस पहुंचाई है। जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत लगाकर मनमाना रवैया अपनाते हुए यात्रा को रोकने का काम किया है। जिला प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। इस मौके पर सुशील त्रिपाठी, प्रताप सिंह, नरेंद्र सिंह, अमन सिंह, कलहंस, विकास तिवारी, रोहित कुमार, मसूद आलम आदि मौजूद रहे। विद्यार्थी परिषद ने एलान किया है कि 12 से 23 जनवरी तक चलने वाले युवा महोत्सव को जिला प्रशासन ने रोकने का काम किया है। यह युवा महोत्सव किसी भी मायने में थमने वाला नहीं है। 23 जनवरी तक एबीवीपी जिला प्रशासन के खिलाफ सभी इकाइयों पर मोर्चा खोलेगी। जिला प्रशासन में बैठे अधिकारी अपने दफ्तरों में बैठकर अपनी मनमर्जी चला रहे हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ विद्यार्थी परिषद मोर्चा खोलकर कार्रवाई की मांग करेगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






