बहराइच। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय हेतु नेशनल स्कालरशिप पोर्टल के माध्यम से संचालित छात्रवृत्ति योजना (प्री-मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक, मेरिट-कम-मीन्स) पोर्टल पर दर्ज शिक्षण संस्थाओं/मदरसों के डिएक्टिवेशन तथा नवीन प्रारूप पर सूचनाओं का पंजीकरण कराया जाना है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि निरन्तर दिये गये निर्देशों के उपरान्त भी पोर्टल पर दर्ज शिक्षण संस्थाओं के अपडेशन तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रगति काफी धीमी है जो अत्यन्त चिंताजनक है तथा खेद का विषय है। उन्होंने आवेदन करने वाली समस्त शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया है कि शिक्षण संस्था के अपडेशन का कार्य तत्काल कराएं और नोडल अधिकारी नामित करते हुए सम्बन्धित शिक्षा विभाग से सत्यापित कराते हुए वांछित अभिलेख तत्काल कार्यालय में प्रस्तुत करें जिससे पात्रता की दशा में अपडेशन कर कार्य समयान्तर्गत किया जा सके। उन्होंने बताया कि अपडेशन के अभाव में यदि कोई भी पात्र छात्र/छात्रा छात्रवृत्ति से वंचित होता है तो इसके लिए शिक्षण संस्था उत्तरदायी होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री मिश्र ने शिक्षण संस्थाओं को सुझाव दिया है कि अंतिम तिथि का इंतजार ना करें क्योंकि अन्तिम तिथि के आस-पास साइट धीमी चलने के कारण अनेक छात्र/छात्रायें या तो अग्रसारित नहीं हो पाते हैं अथवा उनका सम्यक ढंग से परीक्षण नहीं किया जाता है। जिससे पात्र छात्रों के वंचित रहने की संभावना प्रबल हो जाती है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया है कि नोडल अधिकारी को नामित करने की कार्यवाही 03 दिवस के भीतर सुनिश्चित कराएं तथा छात्र/छात्राओं के आवेदन-पत्रों का परीक्षण करते हुए अग्रसारित करते रहें और अग्रसारण करने के उपरान्त हार्डकापी नियन्त्रक विभाग से सत्यापित कराते हुए कार्यालय को उपलब्ध करा दें, ताकि उसका परीक्षण कराया जा सके।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









