खीरी टाउन कस्बे में मंगलवार की सुबह छज्जा गिरने से एक छात्र की मौत हो गई। जबकि उसके चाचा और भाई जख्मी हो गए। छात्र ताजिए का गुम्बद सही करने के लिए छज्जे पर चढ़ा था। पैर रखते ही छज्जा टूट गया और वह नीचे आ गया। छज्जे के नीचे उसके चाचा और भाई खड़े थे। वह भी जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां उनका इलाज जारी है।
खीरी थाने के कस्बा खीरीटाउन के मोहल्ला शिवालापुरवा में रहने वाले मतीन अहमद का बेटा मेहताब (22) बीएससी का छात्र था। मोहर्रम के त्योहार पर उसके घर के सामने ताजिया रखा गया था। ताजिए का गुम्बद घर के छज्जे में फंस रहा था। उसको सही करने के लिए मेहताब छज्जे पर चढ़ गया। नीचे उसके भाई शादाब और चाचा नसीम अहमद खड़े थे। बताया जाता है कि जैसे ही मेहताब ने छज्जे पर पैर रखा। वैसे ही छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जे के साथ मेहताब भी जमीन पर आ गिरा और उसको गंभीर चोट आई। छज्जे के नीचे खड़े भाई शादाब और चाचा नसीम अहमद भी जख्मी हो गए। उनके ऊपर छज्जे का पूरा मलवा दिया। हादसे से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर आसपास के लोग जमा हो गए। घायल मेहताब को इलाज के लिए अस्पताल लाया जाता उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घायल चाचा और भाई को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। यहां चाचा को इलाज के बाद छुट्टी दे गई। जबकि भाई जिला अस्पताल में भर्ती है। उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर उसकी हालत खतरे से बाहर बता रहे हैं। इधर हादसे से पूरे घर में कोहराम मच गया। घरवालों का रो रोकर बुरा हाल है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। सूचना पाकर पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






