बहराइच 06 जुलाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच के सचिव नवनीत कुमार भारती ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश उपेन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्ग निर्देशन में 13 जुलाई 2019 को प्रातः 10ः00 बजे से अपरान्ह 04ः00 बजे तक सिविल कोर्ट परिसर, बहराइच में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया है। श्री भारती ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित होने वाली लोक अदालत में लम्बित आपराधिक शमनीय वाद, धारा 138 पराक्रम्य लिखित अधिनियम, बैंक वसूली वादों, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, याचिकाएं, वैवाहिक वादों, श्रम वादों, भूमि अधिग्रहण वादों, विद्युत एवं जल बिल विवाद (चोरी से सम्बन्धित विवादों सहित), सर्विस में वेतन सम्बन्धित विवाद, सेवानिवृतिक लाभों से सम्बन्धित विवाद, अन्य सिविल वादों (किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष वाद) तथा प्रीलीटीगेशन धारा 138 पराक्रम्य लिखित अधिनियम, बैंक वसूली, टेलीफोन बिल्स प्रकरणों, श्रम विवादों, विद्युत एवं जल बिल विवाद, अन्य अपराधिक शमनीय वाद, वैवाहिक व अन्य सिविल वादों का अधिकाधिक संख्या में निस्तारण किया जायेगा। श्री भारती ने आमजन से अपील की है कि 13 जुलाई 2019 (दिन शनिवार को प्रातः 10ः00 बजे से सांय 04ः00 बजे तक) को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत का भरपूर लाभ उठायें।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






