समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को मैनपुरी संसदीय क्षेत्र से नामांकन किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री व सपा राष्ट्रीय के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव और तेजप्रताप यादव साथ रहे। नामांकन करने के लिए मुलायम सिंह यादव सोमवार दोपहर तकरीबन साढ़े बारह बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। सपा संरक्षक ने चार सेट में सपा उम्मीदवार के रूप में रिटर्निंग ऑफिसर पीके उपाध्याय को नामांकन पत्र सौंपा। मुलायम सिंह यहां से पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। प्रस्तावक के रूप में उनके साथ सांसद तेजप्रताप यादव, सदर विधायक राजकुमार यादव, करहल विधायक सोबरन सिंह यादव, बसपा जिलाध्यक्ष शुभम सिंह तथा अधिवक्ता देवेंद्र सिंह मौजूद रहे। नामांकन के बाद मुलायम सिंह यादव सीधे लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मुलायम सिंह के जाने से सपा नेता और कार्यकर्ता मायूस नजर आए। बाद में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने माइक संभाला। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार को गरीब और किसानों को धोखा देने वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा नेताजी नामांकन करके चले गए हैं। चुनाव पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लड़ना है। चुनावी सभा को राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव, सांसद तेजप्रताप यादव, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम आदि ने संबोधित किया। बता दें कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के नामांकन से पहले हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया था। हैंड ग्रेनेड थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम झंडाहार के पास मिला। जबकि मुलायम सिंह और अखिलेश का काफिला मैनपुरी-इटावा मार्ग से आ रहा था।
मुलायम ने किया मैनपुरी से नामांकन,अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव और तेजप्रताप रहे मौजूद
