कांग्रेस के बाद भाजपा ने गठबंधन में सेंध लगाईं है। बसपा, सपा और रालोद के कई बड़े नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। आगरा में बसपा के टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ चुके दिगंबर सिंह धाकरे भाजपा में शामिल हो गए हैं। पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री सपा नेता नितिन गुप्ता और पूर्व एमएलसी अनुराग शुक्ला भी भाजपाई हो गए हैं। रविवार रात को शहर के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला और ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने इन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। ब्रज क्षेत्र में रालोद, बसपा और सपा के कई नेताओं को भाजपा ने शामिल किया है। दिगंबर सिंह धाकरे का नाम फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर बसपा से टिकट के उम्मीदवारों में चला था। वो 2002 में हिंदू महासभा के टिकट पर खेरागढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। बसपा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षत्रिय सभा के प्रभारी रहे हैं। सपा पार्षद प्रियंका प्रजापति और उनके पति पूर्व पार्षद हेमंत प्रजापति ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सभी लोगों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। दल बदलकर भाजपा में आने वाले अन्य नेताओं में मथुरा के पूर्व सांसद कुंवर मानवेंद्र सिंह भी शामिल हैं। वो तीन बार सांसद रहे। वो मथुरा से रालोद के प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह के भाई हैं। शाहजहांपुर से पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री मिथलेश कुमार कठेरिया, पूर्व विधायक शंकुतला कठेरिया ने भी भाजपा की सदस्यता ली। कुछ और नेताओं ने भाजपा का दामन थामा है। इनमें चौंकाने वाला नाम अनुजेश यादव का रहा। वो मैनपुरी में चार बार से जिला पंचायत सदस्य हैं। उनकी पत्नी संध्या यादव जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं। हालांकि संध्या ने भाजपा की सदस्यता नहीं ली है। एटा से पूर्व एमएलसी चरत प्रताप सिंह, मथुरा से पूर्व विधायक चंदन सिंह, हाथरस के सिकंदराराऊ से पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान, कांग्रेस के पूर्व एमएलसी चौधरी रामपाल भी भाजपा में शामिल हो गए।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






