बहराइच। महज दो बीघा जमीन के विवाद में ससुर और देवर ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। महिला पर बांके से हमलाकर उसका गला काट दिया। इसके बाद दोनों फरार हो गए।
मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने ससुर और देवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। ससुर को हिरासत में लिया गया है। देवर फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत उदित सिंह पुरवा गांव निवासी रामेंद्र सिंह का पिता व सगे भाई से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर रंजिश चल रही है। कई बार दोनों पक्षों में कहासुनी हुई।
गांव के लोगों के बीच बचाव से मामला टलता रहा। सोमवार सुबह रामेंद्र खेत की निगरानी करने घर से निकले थे। उनकी पत्नी मंजू देवी (45) घर के सामने लगे हैंडपंप पर बर्तन साफ कर रही थी।
तभी देवर अमरनाथ उर्फ पुत्तन व ससुर भिखारी सिंह बांका लेकर मौके पर आ धमके। जमीन मामले को लेकर ससुर व देवर से मंजू की कहासुनी हुई।
तभी ससुर और देवर ने मंजू पर बांके से हमला कर उसे मौके पर ही मार डाला। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े। लेकिन तब तक हमलावर पिता-पुत्र हथियार लहराते हुए भाग निकले।
प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाठक ने बताया कि बंटवारे में दो बीघा जमीन को लेकर रामेंद्र व परिवार के अन्य लोगों से विवाद चल रहा है।
उसी जमीन के मामले में सोमवार सुबह मंजू और देवर, ससुर के बीच कहासुनी हुई थी। मृतका के पति रामेंद्र की तहरीर पर देवर अमरनाथ उर्फ पुत्तन व पिता भिखारी सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपी भिखारी सिंह को गांव के निकट से हिरासत में लिया गया है। देवर फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पत्नी की लाश के पास बिलखते हुए रामेंद्र ने बताया कि माह भर पूर्व इलाहाबाद में सड़क हादसे में बेटे और पौत्र की मौत हो चुकी है। उसके बाद सगे भाई ने परिवार के अन्य लोगों की मदद से पत्नी की हत्या कर दी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






