महराजगंज। जनपद महराजगंज UPPCS 2018 का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद महराजगंज मे हर्ष का माहौल बना हुआ है। कई बेटों के साथ ही बेटियों ने भी सफलता अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है। तराई क्षेत्र की इन प्रतिभाओं के बारे में जानकर लोग गदगद हो गए। सफल प्रतिभागियों के परिजनों समेत शुभचिंतकों ने खुशी का इजहार किया। कठिन परिश्रम से परीक्षा की तैयार कर सफलता पाने वाले प्रतिभागियों ने युवाओं को लक्ष्य की ओर से एकाग्रचित होकर सतत प्रयास करने का सुझाव दिया है। निचलौल कस्बे की करिश्मा गुप्ता ने डिप्टी एसपी पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। आजाद नगर वार्ड निवासी दवा व्यापारी सुरेश चंद गुप्ता की एकलौती बेटी करिश्मा ने अपनी मेहनत, लगन के बल पर सफलता का नया करिश्मा कर दिखाया है। वह डिप्टी एसपी पद के लिए चयनित हुई हैं। प्रदेश में 67वां रैंक हांसिल करने वाली करिश्मा पांच भाइयों की एकलौती बहन हैं। वह चौथी बार में यह सफलता अर्जित की हैं। पूरे नगर में खुशी का माहौल है। दूसरी निचलौल क्षेत्र के खोन्हौली गांव के रहने वाले अमरनाथ गुप्ता ने प्रदेश में 63वां स्थान हासिल कर डिप्टी एसपी पद पर चयनित हुए हैं। । प्रारंभिक शिक्षा निचलौल नगर स्थित ज्ञान भारती इंटरमीडिएट कॉलेज में हुई। उन्होंने टीएस चाणक्या नवी मुंबई से समुद्री विज्ञान में स्नातक किया है। उसके बाद मर्चेंट नेवी हांगकांग के कंपनी में सेकेंड अफसर पद पर कार्य करते हुए पीसीएस की तैयारी की। इनके बड़े भाई डॉ. अश्विन गुप्ता एरिजोना यूनिवर्सिटी अमेरिका में प्रोफेसर पद हैं। पिता ओमप्रकाश राजा रत्न सेन इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पद पर तैनात हैं। उनको मिली सफलता से परिवार के सदस्यों समेत शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।
तीसरे कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कम्हरिया बुजुर्ग निवासी विजय कुमार मिश्र के पुत्र आत्रेय मिश्र ने अपने पहले ही प्रयास में पीसीएस परीक्षा में सफलता प्रापत की है। उनकी इस सफलता से उनके घर-परिवार समेत पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है।
आत्रेय मिश्र की प्रारंभिक शिक्षा नौतनवा में पूरी हुई। इसके बाद वे इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए लखनऊ चले गये। 12वीं पास करने के बाद विजय ने बीटेक किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गये। बुलंद हौसलों और कड़ी मेहनत के हल पर उन्होंने यूपी पीसीएस परीक्षा को पास करने में सफलता पायी।
सबसे बड़ी बात यह है कि आत्रेय ने अपने पहले ही प्रयास में पीसीएस में सफतला प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है। विजय की सफलता पर पूरा महराजगंज जनपद गौरव कर रहा है। वह कई युवाओं की प्रेरणा बन गये हैं चौथे आजाद नगर निचलौल निवासी जियाउद्दीन का चयन डिप्टी एसपी के पद पर हुआ। पांचवें नौतनवा तहसील क्षेत्र के अड्डा निवासी कृष्णनरायन शर्मा का चयन वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर हुआ। छठवीं जिला कृषि अधिकारी पद पर चयनित होकर फरेंदा कस्बे की प्राची पांडेय ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है। फरेंदा कस्बे के दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता सुधाकर पांडेय की बेटी प्राची पांडेय ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुजन सहित परिवार के सदस्यों को दिया। प्रारंभिक परीक्षा नवजीवन मिशन स्कूल से पूरी करने के बाद इंटरमीडिएट जीएन नेशनल पब्लिक स्कूल गोरखपुर व स्नातक व परास्नातक की पढ़ाई काशी हिंदू विश्वविद्यालय करने के बाद उनका चयन पंजाब नेशनल बैंक में हुआ था। परीक्षा परिणाम आने के बाद उत्तर प्रदेश कृषि सेवा में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता पर सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सहाय गुप्ता, मंत्री मनोज मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष सुधेश मोहन श्रीवास्तव, प्रेम सिंह, अरविंद मिश्रा, डीएन मिश्रा आदि ने खुशी जाहिर की।
सातवां पनियरा थाना क्षेत्र के पिपरा दरगाह गांव के रहने वाले हरिशंकर लाल डिप्टी एसपी पद के लिए चयनित हुए हैं। हरिशंकर की प्राथमिक शिक्षा गांव के श्रीराम भजन अंबेडकर विद्यालय से हुई है उसके बाद वर्ष 2004 में जवाहर नवोदय विद्यालय में दाखिला लिया और वहीं से इंटर तक शिक्षा पूरी की। उसके बाद कोटा आईआईटी की तैयारी करने चले गए। वहां एक वर्ष तैयारी करने के बाद वापस लौटे और 2012 में बीटेक के लिए प्रयागराज पहुंचे। वहां से 2016 में बीटेक करने के बाद हरिशंकर आईएएस बनने के सपने को साकार करने दिल्ली चले गए। पीसीएस की परीक्षा 197 रैंक हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक पद के लिए चयनित हुए हैं। हरिशंकर ने बताता कि उनका अगला लक्ष्य आईएएस की परीक्षा पास करना है। इनके पिता जूनियर हाईस्कूल के अवकाश प्राप्त शिक्षक पारसनाथ हैं। माता फेकना देवी गृहणी हैं।
महराजगंज शहर के आजाद नगर मोहल्ले के रहने वाले संदीप कुमार सत्यार्थी को तीसरे प्रयास में पीसीएस में सफलता हासिल की। उन्होंने दिल्ली में रहकर परीक्षा की तैयारी की। प्रारंभिक शिक्षा शहर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में हुई। जीएलए इजीनियरिंग कॉलेज मथुरा से 2013 में बीटेक किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए सतत परिश्रम किया। इनके पिता रामक्यास एडीओ पंचायत के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। माता कौशल्या देवी गृहणी हैं। बेटे को मिली सफलता से परिवार के सदस्य खुश हैं।
निचलौल क्षेत्र के बाली गांव के रहने वाले गिरिजेश सिंह की बहू सर्जना सिंह का चयन डिप्टी एसपी पद पर हुआ है। सर्जना के पति वरुण कुमार सिंह मथुरा में पुलिस उपाधीक्षक पद पर तैनात हैं। सर्जना की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। इनका मायका उरई जालौन में है। इसके पहले आपूर्ति निरीक्षक पद पर रहीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने ससुर, सास और पति को दिया है। उन्होंने बताया कि पति ने हमेशा आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






