यूपी के उन्नाव में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की रविवार को गला घोटकर हत्या कर दी गई। अगले दिन घर से डेढ़ किमी दूर सरसों के खेत में शव मिलने से कोहराम मच गया। पुलिस और डाग स्क्वाएड ने साक्ष्य जुटाए। खोजी कुत्ता मृतक के घर तक जाकर भटक गया। इससे हत्या में किसी परिचित के ही शामिल होने का शक है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक केवाना गांव निवासी मयंक (15) पुत्र संतू रविवार की सुबह करीब पांच बजे घर से दौड़ने के लिए निकला था। कई घंटे तक घर न लौटने पर मां नीलम ने गुरुग्राम में रह रहे पति संतू को इसकी सूचना दी। संतू के कहने पर चाचा शिवकुमार ने थाने पहुंचकर भतीजे मयंक की गुमशुदगी की तहरीर दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सोमवार की सुबह शौच के लिए गई बहन वर्षा (12) ने केवाना गांव से डेढ़ किमी दूर सरसाें के खेत में मयंक का शव देखा और मां को इसकी जानकारी दी। किशोर की हत्या की सूचना पर थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। किशोर का शव नग्न अवस्था में पड़ा था। कुछ ही दूर पर उसकी टी शर्ट व लोअर रखे थे। गले में रस्सी से कसने के निशान थे। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। उधर, डॉग स्क्वॉड घटनास्थल से मृतक के घर तक जाकर भटक गया। किशोर की हत्या की सूचना पर एसपी हरीश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि किशोर के परिचितों को शक के केंद्र में रखकर अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






