घटना सोनभद्र जिले की है म्योरपुर थाना क्षेत्र के चैरी गांव में संगीता (33) पत्नी संतलाल की उसके पति ने बुरी तरह पिटाई कर दी। घर में ही हुई घटना के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों का उपचार न होने से महिला की थोड़ी देर में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दंपती के बीच आपस में खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी खाना बनाने लगा। कुछ देर में विवाद बढ़ गया और उसने रोटी बनाने के लिए रखे बेलन से पत्नी पर बुरी तरह से हमला कर दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलावस्था में लहूलुहान होकर वह जमीन पर ही तड़पने लगी। घटना के थोड़ी देर बाद दंपती का बड़ा पुत्र राजकुमार विद्यालय से घर आ गया था। चौथी कक्षा में पढ़ने वाले राजकुमार के मुताबिक मां की हालत देखकर उसने घटना की जानकारी अपने दादा सोमारू को दी। इसके बाद परिजनों ने गांव के ही एक डॉक्टर को मौके पर बुलाया, जिसने स्थिति गंभीर होने की बात कही। परिजन गंभीर रूप से घायल महिला को लेकर कहीं नहीं गए। इससे उसकी मौत हो गई। मृतका का शव रात भर घर में ही पड़ा रह गया। मृतका के मायके वालों को घटना की जानकारी शनिवार की सुबह किसी तरह हो गई। इस पर मृतका के मायके वाले हरकत में आ गए। मायके पक्ष ने फोन के जरिए पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर लिया। आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। उधर मृतका के पिता श्रीकिशुन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी किरीट राठोड ने कहा कि इस मामले में मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जा रही है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






