पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने महाराजा सुहेल देव स्मारक स्थल का किया निरीक्षण
पर्यटन विकास की दृष्टि से श्री गुल्लाबीर मन्दिर परिसर का भी किया भ्रमण
बहराइच 07 जून। प्रदेश के मा. मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग श्री जयवीर सिंह ने जनपद भ्रमण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल व अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ चित्तौरा झील के तट पर स्थित महाराजा सुहेल देव जी के निर्माणाधीन स्मारक स्थल पर पहुॅच कर महाराजा सुहेलदेव जी की अश्वरोही प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके तत्पश्चात मा. मंत्री श्री सिंह ने स्मारक स्थल पर पर्यटन विकास के लिए निर्माणाधीन विकास परियोजना मन्दिर, घाट, महाराजा सुहेल देव की मूर्ति, भव्य द्वार, सभागार, पार्किंग स्थल, बाउण्ड्रीवाल, हार्टिकल्चर एवं लैण्ड स्केपिंग एवं अन्य कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को निर्धारित मानक व गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण करायें। मां. मंत्री श्री सिंह ने सुझाव दिया हार्टिकल्चर से सम्बन्धित कार्यों को वर्षा ऋतु से टीक पहले करा लें ताकि रोपित किये गये पौधों अच्छी तरह से विकसित हो सकें।
मा. मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राजस्व विभाग से समन्वय कर झील की पैमाइश करा लें। यदि कहीं पर अतिक्रमण हो तो उसे हटवा दिया जाए। निरीक्षण के उपरान्त मा. मंत्री ने स्मारक स्थल पर ही पार्टी पदाधिकारियों से भेंटवार्ता भी की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, खण्ड विकास अधिकारी संदीप त्रिपाठी, प्रोजेक्ट मैनेजर देवव्रत पवार सहित अन्य अधिकारी, बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इससे पूर्व मा. मंत्री श्री सिंह ने श्री गुल्लाबीर मन्दिर प्रांगण पहुंचकर विधिवत पूर्जाअर्चना की तथा यहां पर पर्यटन विकास की दृष्टि से कराएं जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने मन्दिर परिसर के पर्यटन विकास हेतु प्रस्ताव दिया। मा. मंत्री श्री सिंह ने आश्वस्त किया कि पर्यटन विकास के लिए उनके द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






