लोकतंत्र बचाओ आंदोलन समिति का संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ अभियान जारी
कोटा। लोकतंत्र बचाओ आंदोलन समिति की टीम ने मंगलवार को अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत तलवंडी और केशवपुरा चौराहे के आसपास के क्षेत्रों में जनसंपर्क किया।
अभियान के तहत चौराहों पर बैनर और तख्तियों का डिस्प्ले एवं पंपलेट के माध्यम से लोगों के बीच संदेश दिया कि भाजपा की केंद्र सरकार ने अपने वर्तमान कार्यकाल में किसानों, मजदूरों, दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों, महिलाओं और छात्रों व युवा वर्ग के संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत अपनी मांगों को लेकर चलाए गए आंदोलनों का बेरहमी से दमन किया है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। निजीकरण की नीतियों से जनता की गाढ़ी कमाई से खड़े किए सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों एवं संपत्तियों को चंद कॉरपोरेट्स के हाथों में सौंप दिया है। देश की जनता भयंकर बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी से त्रस्त है। भाजपा सरकार की अधिकांश घोषणाएं जुमला ही साबित हुई हैं। अभियान के तहत टीम के सदस्यों ने लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग कर उक्त समस्याओं के लिए जिम्मेदार भाजपा को वर्तमान लोकसभा चुनाव में हराने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान में ये रहे शामिल
जनसंपर्क अभियान की टीम में साहित्यकार महेंद्र नेह, सामाजिक कार्यकर्ता विजय राघव, शिक्षक नेता ईश्वर सिंह, श्रमिक नेता महेंद्र पांडेय, शब्बीर अहमद, मीर सिंह मान, देवराज सिंह, नारायण शर्मा, उमाशंकर, किसान नेता नंदलाल धाकड़ एवं स्वतंत्र पत्रकार रूपेश चड्ढा शामिल रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






