समाजवाद की स्थापना का लिया संकल्प, शोषण के खिलाफ एकजुटता का आह्वान
-इटावा में सीटू ने धूमधाम से मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
निर्माण मजदूर यूनियन (सीटू) ने अपने कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों, मजदूर-किसान आंदोलनों में बलिदान देने वालों, सीमा पर शहीद सैनिकों और आपदाओं में जान गंवाने वाले आमजन को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मजदूरों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने शोषण के खिलाफ एकजुट होकर समाजवादी व्यवस्था की स्थापना का संकल्प लिया।
सीटू महामंत्री मुरारीलाल बैरवा ने बताया कि ध्वजारोहण सीपीआईएम के कामरेड चेतन प्रकाश मीणा ने किया। जबकि संचालन कामरेड गोपाल लाल महावर ने किया। मुख्य वक्ता शिक्षक नेता कामरेड बाबूलाल बलवानी और सीपीआईएम तहसील सचिव कामरेड मुकुट बिहारी जंगम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की आजादी केवल पूंजीपतियों और कॉरपोरेट घरानों तक सीमित हो गई है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को किताबों से हटाने और संविधान में दिए गए मजदूरों, किसानों, महिलाओं व युवाओं के अधिकारों को कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाया।
वक्ताओं ने बताया कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। सरकारी संस्थानों का निजीकरण हो रहा है। मनरेगा मजदूरों को उचित काम और मजदूरी नहीं मिल रही।किसानों को खेती में घाटा सहना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि हर नागरिक को संविधान के अनुसार रोजगार, मकान, मुफ्त शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और सस्ता यातायात उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सरकार द्वारा संगठनों को दबाने की कोशिशों की निंदा की गई और आमजन से अपने हक के लिए संगठित आंदोलन करने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने ये रखीं मुख्य मांगें
वक्ताओं ने मनरेगा और निर्माण मजदूरों के लिए 26 हजार रुपए मासिक वेतन और 600 रुपए प्रतिदिन मजदूरी, शहरी रोजगार योजना में मजदूरों को 300 रुपए प्रतिदिन की तय मजदूरी का भुगतान, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और यातायात के लिए सस्ती सुविधाएं, खाद-बीज सस्ते करने और फसलों का उचित मूल्य तथा आमजन के अधिकारों को सुनिश्चित करने वाले कानूनों का पालन करने की सरकार के सामने मांगें रखीं।
कविता और संबोधन
निर्माण मजदूर प्रेम पेंटर ने अपनी ओजस्वी कविता “अपनी मेहनत की मजदूरी पूरी लेंगे, शोषण नहीं सहेंगे” सुनाकर मजदूरों में जोश दिया। मनरेगा महिला मजदूर रीना महावर ने शहरी रोजगार योजना में मजदूरों के शोषण की निंदा की और न्यूनतम वेतन की मांग दोहराई। सीटू महामंत्री मुरारीलाल बैरवा, यूनियन अध्यक्ष गोपाललाल महावर, दुलीचंद आर्य, सियाराम बैरवा, अमोलकचंद महावर और रविप्रकाश ने भी संबोधित किया।
संघर्ष को मजबूत करने की शपथ
सीटू महामंत्री मुरारीलाल बैरवा ने बताया कि मजदूर-किसान भवन पर तिरंगा फहराकर और मिठाइयां बांटकर आजादी का पर्व मनाया गया। इंकलाब जिंदाबाद और शहीदों की कुर्बानियों को भूलो मत के नारों के साथ शहीदों को याद किया। उपस्थित सैकड़ों मजदूरों, किसानों, महिलाओं और छात्रों ने सच्ची आजादी के लिए संघर्ष को मजबूत करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कामरेड रामकुंवार महावर, बालमुकुंद बैरवा, कमल कुमार, पूर्व यूनियन अध्यक्ष देवीशंकर महावर, बबलू बैरवा, सत्यनारायण, द्वारकाप्रसाद, भेरूलाल, सोनू महावर सहित सैकड़ों महिला-पुरुष मजदूर, किसान, छात्र-छात्राएं और आमजन शामिल रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









