RMSRU सीटू की दो दिवसीय जनरल काउंसिल की मीटिंग सम्पन्न
कोटा। राजस्थान मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन (RMSRU) सीटू की दो दिवसीय जनरल काउंसिल मीटिंग (GCM) जयपुर में सम्पन्न हुई।
यूनियन अध्यक्ष कॉमरेड राकेश गालव ने झंडारोहण किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। शोक प्रस्ताव के बाद कॉमरेड गालव ने उद्घाटन भाषण में संगठन की भूमिका और दवा प्रतिनिधियों पर बढ़ते संकटों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार चार लेबर कोड लागू कर मजदूरों के अधिकारों पर हमला कर रही है। संगठन इन चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए आंदोलनरत है।
सीटू प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड भंवर सिंह शेखावत ने 9 जुलाई की सफल हड़ताल के लिए दवा प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने RMSRU के आंदोलन के प्रभाव से दवाओं पर जीएसटी हटाने की उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती जीडीपी का लाभ मजदूर वर्ग को नहीं मिल रहा। राजस्थान सरकार के कार्य घंटे 9 से बढ़ाकर 10 करने और शॉप एंड कमर्शियल एक्ट में बदलाव की निंदा की। एफएमआरएआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कॉमरेड शिव अवस्थी ने दवा कंपनियों और सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की आलोचना की। उन्होंने 17-18 नवंबर को मुंबई और दिल्ली में धरने की घोषणा की। जिसमें राजस्थान से 1000 दवा प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन का समर्थन
गाजा में इजरायल द्वारा 66 हजार लोगों, जिनमें 40 हजार बच्चे और महिलाएं शामिल हैं, की हत्या की निंदा करते हुए, WFTU के आह्वान पर 15-21 सितंबर तक विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया।
सीटू प्रदेश उपाध्यक्ष कॉमरेड रवींद्र शुक्ला ने RMSRU को और मजबूत करने का आह्वान किया, ताकि मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज किया जा सके।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









