बस्ती/सोनहा। बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में इंटर की छात्रा के साथ रेप कर चार युवकों ने अश्लील वीडियो भी बना लिया। रविवार देर शाम की वारदात की जानकारी आला अफसरों को सोमवार की सुबह मिली। आईजी/ डीआईजी आशुतोष कुमार और एसपी पंकज कुमार पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंच गए। घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद थाने पर पहुंचे। आईजी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चारों आरोपी युवकों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है।
सोनहा थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने तहरीर में बताया है वह रविवार की देर शाम गांव के बाहर गन्ने के खेत में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले चार युवक असगर, हलीम, मनोज और सतीश ने उसे घेर लिया। असगर ने उसके साथ रेप किया और हलीम ने वीडियो बनाया। मनोज और सतीश भी मौजूद रहे। उसे धमकी दी कि किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे। किसी तरीके से खुद को उनके चंगुल से छुड़ाकर घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती बताई।
सूचना पर 100 नंबर की पुलिस गांव में पहुंची और छानबीन कर लौट गई थी। सुबह प्रकरण आला अफसरों के जानकारी में आने के बाद सोनहा पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने रेप, छेड़खानी, पोक्सो समेत अन्य धाराओं में चारों आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर धरपकड़ का प्रयास शुरू कर दिया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






