बहराइच- उत्तर प्रदेश संभागीय परिवहन कर्मचारी संघ की जिला शाखा का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं चुनाव परिवहन कार्यालय परिसर में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के संरक्षक परिषद रत्न से सम्मानित आर० सी० चौधरी के मुख्य अतिथिव में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्जवलित किया और विशिष्ट अतिथि कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला शाखा के अध्यक्ष ई० चंद्र प्रताप, डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के जिलाध्यक्ष नीरज वर्मा, मण्डलीय उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री आर० के० वर्मा, पेंशनर्स एसोसिएशन के संयोजक सरजीत सिंह, मंत्री आर० पण्डित मशरीकी, राज्य कर्मचारी महिला शाखा के जिलाध्यक्ष श्रीमती शब्बो बेगम सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अधिवेशन में अपने अपने विचार रखे। अधिवेशन के दूसरे सत्र में अध्यक्ष अतीक उल्ला खान ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करते हुए नई कार्यकारिणी के गठन किये जाने की घोषणा की। सर्व सम्मति से राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष ई० चन्द्र प्रताप को चुनाव अधिकारी बनाया गया। चुनाव अधिकारी ने पहली फरवरी को संघ द्वारा लिए गए निर्णय तथा उम्मीदवारों द्वारा भरे गए नामांकन पत्र का अवलोकन करने के पश्चात अध्यक्ष, मंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संगठन मंत्री तथा प्रचार मंत्री पद के लिए एक एक नामांकन होने के कारण निर्विरोध पदाधिकारी घोषित किया। इस प्रकार आगामी 2 वर्ष के लिए अतीक उल्ला खान पुनः अध्यक्ष, योगेंद्र सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उमा शंकर वर्मा मन्त्रि व सचिव मनन हर्ष संगठन मंत्री, अरुण प्रशाद प्रचार मंत्री निर्वाचित घोषित किये गए है। जबकि आर० सी० चौधरी को संघ का संरक्षक बनाया गया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






