बहराइच 23 मार्च। सहायक श्रमायुक्त सिद्धार्थ मोदियानी ने बताया कि बाल श्रमिक विद्या योजना के अंतर्गत श्रम विभाग ने जनपद बहराइच में योजना की पात्रता के आधार पर 99 बच्चो के बैंक खातों में एक माह की पहली सहायता धनराशि प्रेषित कर दी गयी है। बच्चो का चयन वरीयता के आधार पर किया गया है। पहली वरीयता उन बच्चो की है जिनके माता और पिता दोनो का स्वर्गवास हो गया है। दूसरी वरीयता उन बच्चो की है जिनके माता या पिता में से एक की मृत्यु हो चुकी है। इस प्रकार जनपद बहराइच में चयनित बच्चो में 56 लड़के और 44 लड़कियां है। इस योजना के अंतर्गत हर माह बालको को 1000 रुपए और बालिकाओं को 1200 रूपए दिए जाने का प्राविधान है। योजना का उद्देश्य बालक व किशोर श्रमिको को शिक्षा के अवसर प्रदान कर उनका विकास करना है।
उन्होंने बताया कि बच्चो की 70 प्रतिशत उपस्थिति का सत्यापन विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं क्षेत्रीय श्रम प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा किया गया। चयनित बच्चो का नियमित रूप से विद्यालय में आने का फॉलोअप लिया जा रहा है। शासन से अगली किस्त प्राप्त होने पर आगे भी सहायता नियमानुसार प्रदान की जायेगी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






