बहराइच 12 मई। जिला समाज कल्याण अधिकारी नलिन राज ने बताया कि जनपद के आर्थिक रूप से पिछड़े, उत्साही तथा मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए सिविल सेवा परीक्षा, एन.डी.ए., सी.डी.एस., आई.आई.टी., जे.ई.ई., नीट तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’’ संचालित की जा रही है। इच्छुक छात्र-छात्राएं ‘‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’’ के तहत आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये निःशुल्क कोचिंग प्राप्त करने हेतु अभ्युदय पोर्टल अभ्युदय डाट यूपी डाट जीओवी डाट इन पर जाकर 15 मई 2022 तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना हेतु आवेदन करने की अन्तिम तिथि 15 मई 2022 निर्धारित है। श्री राज ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश परीक्षाएं आयोजित होंगी। आई.आई.टी./जे.ई.ई. के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथि 18 मई 2022, नीट के लिए 19, एन.डी.ए./सी.डी.एस. के लिए 20, सिविल सेवा/राज्य सिविल सेवा के लिए 21 मई 2022 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जायेगी। प्रवेश परीक्षा निर्धारित तिथियों पर अपरान्ह 02ः00 बजे से अपरान्ह 03ः30 बजे तक सम्पन्न होगी। उन्होंने बताया कि योजना के पोर्टल पर प्रवेश परीक्षा का परिणाम 25 मई 2022 को घोषित किया जायेगा। जबकि कोचिंग संचालन की अनुमानित तिथि 10 जून निर्धारित है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






