एटा के थाना जैथरा क्षेत्र में सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक महिला की हत्या कर दी जबकि उसके पति को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद नकदी जेवर लूटकर फरार हो गए। सनसनीखेज वारदात गांव नगला अमर सिंह में हुई। गांव के मोजे खान पुत्र रसीद खान के घर में आधी रात को कुछ बदमाश घुस आए। हलचल होने पर मोजे खान और उसकी पत्नी शहनाज बेगम जाग गई। दोनों ने लूटपाट का विरोध किया। इस पर बदमाशों ने सरिया से शहनाज पर हमला कर दिया। पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी। पत्नी का बचाव कर रहे मोजे खान को भी बदमाशों ने पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद घर में रखी नकदी और जेवर लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद मोजे खान ने शोर मचाया। इस पर ग्रामीण जाग गए। लूट और हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के भेजा। वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़ित मोजे खान की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज किया है। छानबीन की जा रही है। इस वारदात के बाद गांव नगला अमर सिंह में दहशत का माहौल है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






