यूपी के आजमगढ़ में शराब नशे ने एक घर की खुशियां छीन ली। यहां पर शराब के नशे में दो भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई की ईंट-पत्थर से कूच कर हत्या कर दी। इसके बाद बड़े भाई ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि मैंने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी निवासी मोहित राम के दोनों पुत्र मनोज और अरुण अलग-अलग मकान में रहते हैं। अरुण शुक्रवार को रात एक बजे दुर्वासा मेले से लौटा था और शराब के नशे में था। वह अपने बड़े भाई मनोज के मकान के सामने शोर करने लगा। मनोज भी शराब के नशे में था। मनोज के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। एक घंटे तक चले गुत्थम-गुत्था में मनोज ने ईंट-पत्थर से मारकर अरुण की हत्या कर दी। इसके बाद मनोज ने सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को हत्या की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार कर लिया। रात में ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






